top header advertisement
Home - उज्जैन << ACS राजेश राजौरा सिंहस्थ मेले की बैठक में हुए शामिल

ACS राजेश राजौरा सिंहस्थ मेले की बैठक में हुए शामिल


अपर मुख्य सचिव राजेश राजौरा गुरुवार को उज्जैन पहुंचे। उन्होंने प्रशासनिक संकुल भवन में संभाग के अधिकारियों के साथ विकास कार्यों और सिंहस्थ 2028 के संबंध में संभागीय समीक्षा बैठक की।

अपर मुख्य सचिव राजौरा ने सिंहस्थ 2028 के कार्यों की समीक्षा कर निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि स्वीकृत विभिन्न विकास कार्यों में टेंडर प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कर उन्हें प्रारंभ करवाएं। सिंहस्थ के कार्यों की सतत मॉनिटरिंग की जाए ताकि निर्माण कार्य अपने निर्धारित समय पर पूर्ण हो सकें।

बैठक के दौरान सिंहस्थ के संबंध में जल निगम द्वारा जल संरचनाओं, पेयजल आपूर्ति, सीवेज डिस्पोजल प्लान और पानी की आवश्यकता के संबंध में जानकारी दी गई। बताया गया कि सिंहस्थ के लिए अतिरिक्त 160 से 170 एमएलडी पानी की आवश्यकता होगी। उज्जैन विकास प्राधिकरण के सीईओ संदीप सोनी ने सिंहस्थ मास्टर प्लान की जानकारी साझा की गई।

इसके साथ ही योजना एवं वास्तुकला विद्यालय, भोपाल के द्वारा हेरिटेज डेवलपमेंट, उज्जैन शहर का सतत विकास, जल की सुचारू निकासी, बाढ़ आपदा प्रबंधन, भीड़ प्रबंधन, हीट वेव मैनेजमेंट, रिस्क प्रोफाइल एनालिसिस आदि पर प्रस्तावित कार्ययोजना के संबंध में जानकारी दी गई।

बैठक में उज्जैन में लोक निर्माण विभाग के एक पृथक डिवीजन बनाने का सुझाव दिया गया। ACS ने कहा कि सड़क मरम्मत कार्य में लापरवाही और देरी करने वाले ठेकेदारों के विरुद्ध आवश्यक कार्यवाही की जाए।

बैठक में राज्यसभा सांसद बालयोगी उमेशनाथ महाराज, विधायक सतीश मालवीय, महापौर मुकेश टटवाल ,नगर निगम सभापति कलावती यादव, संभागायुक्त संजय गुप्ता, कलेक्टर नीरज कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा जिला पंचायत सीईओ, निगम आयुक्त सहित संभागीय एवं जिला अधिकारी उपस्थित रहें।

Leave a reply