मावठे की मार खाया सोयाबीन 1500 रुपए नुकसान में बिका
एक दिन की मावठे की बारिश से खेतों में कटा सोयाबीन पानी में डूब गया। इस प्रकार का सोयाबीन करीब 2000 बोरी मंडी नीलाम में आया। इसके भाव 3000 से 3200 रुपए प्रति िक्वंटल के रहे। इसमें 30 फीसदी नमी, दागी होने से किसानों को 1500 रुपए प्रति क्विंटल का नुकसान हुआ, जबकि क्वालिटी वाला नया सोयाबीन अधिकतम 4650 और पुराना सोयाबीन 4760 रुपए बिक गया।
पानी के कारण मंडी की आवक सिमटकर 6300 बोरी रही। अब मौसम साफ होने से मंगलवार से आवक में बढ़ोतरी के आसार है। इधर, बताया गया कि विदेशी मार्केट में सोयाबीन के भाव गिरावट वाले रहने से यहां भी भाव नहीं बढ़ पा रहे हैं। सोयाबीन प्लांट ने खरीदी भाव में कमी कर दी है।
इंदौर लाइन 4650 से 4675 व नीमच लाइन 4725 से 4750 का ऑफर है। इस समय अमेरिका में सोयाबीन की कटाई चल रही है व ब्राजील में सोयाबीन की बोवनी का कार्य जोरों पर चल रहा है। इधर, मध्यप्रदेश राज्य कृषि उपकरण बोर्ड संभाग के संयुक्त संचालक चंद्रशेखर वशिष्ठ ने आदेश जारी कर मंडी के नीलामी प्लेटफार्म पर पड़े अनाज, अन्य बाधक वस्तुओं को तुरंत हटाकर रिपोर्ट करने को कहा है।