कांग्रेस पार्षदों ने किया प्रदर्शन, बोले-उज्जैन समस्याओं का शहर
उज्जैन में सोमवार को कांग्रेस पार्षदों ने प्रदर्शन किया। नगर निगम के डिप्टी कमिश्नर को मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा और नारेबाजी की। कहा- मुख्यमंत्री का यह शहर समस्याओं का शहर है। यहां हर दूसरे दिन कुत्ते और मवेशी सड़कों पर लोगों की जान ले रहे हैं। कई घायल हो रहे हैं। जबकि आम जनता की पीड़ा सुनने वाला कोई नहीं। भाजपा की अंधी बहरी सरकार और नगर निगम का अपाहिज बोर्ड समस्याओं से मुक्ति नहीं दिला पा रहा है।
मुकेश भाटी बोले- हर दिन मौत की खबरें सुर्खियां
शहर कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश भाटी ने कहा कि मुख्यमंत्री के शहर उज्जैन में हर दिन मौत की खबरें अखबारों की सुर्खियां बन रहीं, और इन मौतों का कारण वो है जो शासन प्रशासन की जिम्मेदारी है। शिप्रा के नाम पर करोड़ों खर्च कर देने वाली भाजपा की सरकार शिप्रा शुद्ध नहीं कर पा रही है। शहर में आवारा कुत्तों का आतंक है, हर दिन कई लोगों को स्ट्रीट डॉग काट रहे हैं।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा- समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा
नेता प्रतिपक्ष रवि राय ने कहा- शहर में पानी गंदा आ रहा है। कांग्रेस पार्षद कई बार ज्ञापन और धरना आंदोलन कर चुके हैं। घेराव, चक्का जाम कर-कर के थक गए। बावजूद इसके समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है। जनप्रतिनिधि जितनी सक्रियता से भाजपा का सदस्यता अभियान चला रहे हैं, सरकारी मशीनरी उपयोग कर रहे हैं। बाबा महाकाल ऐसी भाजपा को उनके जनप्रतिनिधियों को सद्बुद्धि दें।