top header advertisement
Home - उज्जैन << मुख्यमंत्री डॉ.यादव का उज्जैन में 13 अक्टूबर को लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम प्रस्तावित

मुख्यमंत्री डॉ.यादव का उज्जैन में 13 अक्टूबर को लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम प्रस्तावित


उज्जैन 07 अक्टूबर। कलेक्टर श्री नीरज कुमार सिंह ने सोमवार 7 अक्टूबर को सम्राट विक्रमादित्य प्रशासनिक संकुल भवन के द्वितीय तल पर स्थित सभाकक्ष में समयावधि-पत्रों की विभागवार समीक्षा कर सम्बन्धित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रकरणों के निराकरण निश्चित समय पर किया जाना सुनिश्चित करें। बैठक में अवगत कराया गया कि मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव का उज्जैन में 13 अक्टूबर को विभिन्न विभागों के लोकार्पण एवं विभिन्न कार्यों का भूमिपूजन कार्यक्रम प्रस्तावित है। कलेक्टर ने इस सम्बन्ध में सम्बन्धित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। कलेक्टर ने कहा कि नवरात्रि पर्व के दौरान जिले के प्रमुख माता मन्दिरों, रावण दहन स्थलों एवं दुर्गा मूर्ति विसर्जन स्थलों पर समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाये।

कलेक्टर श्री सिंह ने निर्देश दिये कि एपीसी की बैठक 16 अक्टूबर को होने के कारण कृषि विभाग एवं कृषि विभाग से सम्बन्धित विभाग के अधिकारी तैयारियों के सम्बन्ध में अपडेट डाटा तैयार करें। खाद आदि की व्यवस्था सुनिश्चित करें। जिले में अभी तक किसानों के सोयाबीन पंजीयन की स्थिति संतोषजनक नहीं होने के कारण अधिक से अधिक किसानों का पंजीयन कराया जाना सुनिश्चित करें। उपार्जन के पूर्व बारदाना आदि आवश्यक संसाधनों की समीक्षा कर सम्बन्धित को आवश्यक निर्देश दिये। जिले में खाद की स्थिति की समीक्षा की। वहीं कलेक्टर ने फसल नुकसानी की समीक्षा की और सम्बन्धितों को निर्देश दिये कि जहां नुकसानी हुई है, वहां वास्तविक नुकसानी बतायें और जहां पर नुकसानी नहीं हुई है, वहां की स्थिति की जानकारी से अवगत कराया जाये।

कलेक्टर श्री सिंह ने राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिये कि जिन प्रकरणों के न्यायालय में जवाब प्रस्तुत करने के पूर्व अनुमोदन कराया जाना सुनिश्चित करें। शहर में आवारा कुत्तों का वेक्सीनेशन की समीक्षा की और नगर निगम तथा पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारी को निर्देश दिये कि वे आवश्यक कार्यवाही करें और की गई कार्यवाही का डाटा प्रस्तुत करें। इसी तरह कलेक्टर ने शहर में सम्बन्धित आवारा मवेशियों के मालिकों पर उचित कार्यवाही कर अनिवार्य रूप से जुर्माना प्रतिदिन के हिसाब से लगाया जाये।

कलेक्टर ने विभागवार लम्बित प्रकरणों की समीक्षा कर समयावधि में लम्बित प्रकरणों का निराकरण करने के निर्देश दिये।

बैठक में संयुक्त संचालक स्वास्थ्य के कार्यालय की शिफ्टिंग, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग की निर्माण एजेन्सी द्वारा उज्जैन-बड़नगर-बदनावर एवं उज्जैन-गरोंठ मार्ग निर्माण के दौरान प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के क्षतिग्रस्त सड़कों को समय पर पूर्ण करवाये जाने के निर्देश सम्बन्धित अधिकारी को दिये। बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिये कि दशहरा पर्व के बाद स्वच्छता संवाद प्रारम्भ कराया जाये। इसी तरह मुख्यमंत्री जन-संवाद शिविर भी दशहरा पर्व के बाद पुन: प्रारम्भ कराये जायें। कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी पर नाराजगी प्रकट करते हुए निर्देश दिये कि संजीवनी क्लिनिकों पर जांच एवं दवाईयों की सूची शीघ्र-अतिशीघ्र क्लिनिकों पर चस्पा कराया जाना सुनिश्चित करें। बीएमओ नागदा के बगैर अनुमति भोपाल जाने पर सीएमएचओ को निर्देश दिये कि सम्बन्धित को कारण बताओ सूचना-पत्र जारी कर आवश्यक कार्यवाही की जाये। संजीवनी क्लिनिक जहां अपूर्ण है उसे पूर्ण कराया जाये। कलेक्टर ने जन-संवाद शिविरों में प्राप्त आवेदनों के निराकरण की समीक्षा कर सम्बन्धित विभागों को निर्देश दिये कि जिन विभागों में शिविरों के लम्बित प्रकरण निराकरण करने से शेष हैं, उन्हें समय पर निराकरण किया जाये। बैठक के अन्त में सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा की। साथ ही अन्तर्विभागीय समन्वय के बिन्दुओं पर चर्चा कर सम्बन्धित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये।

Leave a reply