कृषि उपज मंडी का पं. उपाध्याय द्वार सालों से बंद, सीजन के चलते खुले तो होगी सुविधा
कृषि उपज मंडी में व्यापारियों, किसानों की सुविधा के लिए फाजलपुरा की तरफ एक गेट बनवाया था। यह पंडित दीनदयाल उपाध्याय द्वार के नाम से आकर्षक रूप से बनवाया। यह गेट कई सालों से बंद है।
कृषि उपज मंडी के पूर्व अध्यक्ष बहादुरसिंह बोरमुंडला ने बताया मंडी स्थापना के समय फाजलपुर की ओर पंडित दीनदयाल उपाध्याय द्वार बनाया। जो फिलहाल बंद है। वर्तमान में मंडी का सोयाबीन का बंपर सीजन शुरू हो चुका है। किसानों की सुविधा के लिए बनाया गेट आखिर बंद क्यों कर रखा है, यह समझ से परे है। मंडी के व्यापारी अखिलेशकुमार बंता गुरु ने बताया वास्तु के हिसाब से यह गेट खुला रहना चाहिए। मंडी में अब प्रतिदिन सोयाबीन बेचने किसान आएंगे। ऐसे में मंडी प्रशासन को यह गेट खोलना चाहिए। गेट के साइड में एक छोटा सा गेट है, जिसमें पैदल और दोपहिया वाहनों का आवागमन होता है।
मंडी व्यापारी संघ के चुनाव के दौरान यह गेट खोलने का मुद्दा रहा था लेकिन चुनाव को एक साल हो गया, अभी तक गेट बंद है। अनाज तिलहन व्यवसाय संघ के सचिव हजारीलाल मालवीय ने बताया सीजन को देखते हुए मंडी प्रशासन को तुरंत गेट खोलना चाहिए। सीजन में रोज जाम की स्थिति से निजात मिलेगी। इस संबंध में मंडी प्रशासन से भी चर्चा की जाएगी।