top header advertisement
Home - उज्जैन << माधव नगर अस्पताल में हंगामा: महिला कर्मचारी ने खुद को भाजपा नेता बताने वाले पर अपमान करने का आरोप लगाया

माधव नगर अस्पताल में हंगामा: महिला कर्मचारी ने खुद को भाजपा नेता बताने वाले पर अपमान करने का आरोप लगाया


फ्रीगंज क्षेत्र में स्थित शासकीय माधव नगर अस्पताल में एक महिला कर्मचारी के साथ दुर्व्यवहार करने पर गुरुवार को हंगामा हो गया। अस्पताल में पदस्थ एक महिला कर्मचारी द्वारा रोगी कल्याण समिति सदस्य पर अपमानजनक व्यवहार करने का आरोप लगाया है। सूचना के बाद यहां वाल्मीकि समाज के लोग भी पहुंच गए थे।

हंगामे का एक वीडियो भी वायरल हुआ है जिसमें महिला और कुछ लोग उक्त युवक से बहस कर रहे हैं। हालांकि, अस्पताल के अधिकारियों का कहना है कि उन्हें अभी तक महिला की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिली है। यदि लिखित शिकायत मिलेगी तो उचित कार्रवाई की जाएगी।

शासकीय माधव नगर अस्पताल में पदस्थ महिला कर्मचारी सिम्मी गौहर ने बताया कि 2 दिन पहले वह ड्यूटी पर मौजूद थी। इसी दौरान मुख्यमंत्री का प्रतिनिधि बताने वाले अभय विश्वकर्मा नामक व्यक्ति ने अपमानजनक व्यवहार किया। उस व्यक्ति द्वारा अस्पताल में आए दिन ड्यूटी बदलने के साथ ही दोपहर दो बजे ड्यूटी खत्म होने के बावजूद भी शाम 4 बजे तक रोकने के लिए अस्पताल प्रशासन पर दबाव डाला जाता है।

घटना क्रम के बाद अस्पताल के सभी अधिकारियों को अवगत कराया है। समाज की महिला के अपमान की सूचना मिलने के बाद अस्पताल में वाल्मीकि समाज के लोगों ने पहुंचकर भाजपा नेता द्वारा अस्पताल में की जा रही दखल अंदाजी को लेकर आरोप लगाए है।

मामले को लेकर सीएमएचओ अशोक पटेल ने कहा कि माधव नगर अस्पताल में पदस्थ सफाई कर्मी सिम्मी गौहर को लेबर रूम से हटकर आईसीयू में भेजा गया था, लेकिन वह महिला दमे की मरीज है इसलिए उसने आईसीयू में जाने से मना किया था। महिला का कहना है कि उसके साथ अपमानजनक व्यवहार किया गया है। यदि महिला द्वारा लिखित शिकायत की जाती है तो उचित कार्रवाई की जाएगी।

माधवनगर अस्पताल प्रभारी विक्रम रघुवंशी ने कहा कि अस्पताल के कर्मचारी का व्यक्तिगत मेटर है। मैने महिला कर्मचारी से लिखित में शिकायत मांगी थी, लेकिन उन्होंने नहीं दी है। इधर, सूचना के बाद माधव नगर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी। हालांकि कोई लिखित शिकायत नहीं होने के कारण किसी पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।

Leave a reply