नगर भ्रमण पर निकलेगी उमा माता की सवारी
उज्जैन - पांच दिनी उमासाँझी महोत्सव के बाद अश्विन शुक्ल द्वितीया (चन्द्र दर्शन) को परम्परानुसार उमामाता की सवारी निकाली जाएगी। ये सवारी 04 अक्टूबर को अपरान्ह 4 बजे श्री महाकालेश्वर मंदिर के सभामंडप में पूजन के बाद आरंभ होगी। ये सवारी महाकाल चौराहा, महाकाल घाटी, तोपखाना, दौलतगंज चौराहा, नईसड़क, कंठाल, सराफा, छत्रीचौक, गोपाल मन्दिर, पटनी बाजार, गुदरी चौराहा, बक्षीबाजार, कार्तिक चौक, मोढ़ की धर्मशाला, रामानुज कोट होते हुए माँ क्षिप्रा के तट पर पहुँचेगी। माँ क्षिप्रा के तट रामघाट पर जवारे, संजा विसर्जन एवं पूजन के बाद उमा माता की सवारी कहारवाड़ी, बक्षी बाजार, महाकाल रोड़ होते हुए श्री महाकालेश्वर मन्दिर वापस लौटेगी।
सवारी में उमा माता रजत पालकी में सवार होकर भक्तों को दर्शन देंगी। इसके अलावा डोल रथ - गरूड़ पर माताजी की प्रतिमा तथा भगवान श्री महेश विराजित होकर निकलेंगे। सवारी में घुड़सवार दल, पुलिस बल तथा मंदिर के पुजारी-पुरोहित भी सम्मिलित रहेंगे।