गांधी जयंती पर खादी वस्त्रों की खूब हुई बिक्री, केन्द्रीय मंत्री वीरेन्द्र कुमार, सांसद अनिल फिरोजिया ने खरीदे खादी के वस्त्र
उज्जैन - पंत प्रधान नरेन्द्र मोदी के आव्हान के बाद देश की जनता खादी का उपयोग करने लगी है। खादी भंडार की दुकानों पर विपुल मात्रा में वैरायटी उपलब्ध होने से युवाओं में भी खादी वस्त्र पहनने के प्रति रूझान बढ़ रहा है। ये बात सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेन्द्र कुमार ने उज्जैन में नई सड़क स्थित खादी ग्रामोद्योग विकास मंडल की दुकान से खादी के वस्त्र खरीदते समय कही।
उज्जैन प्रवास के दौरान केन्द्रीय मंत्री डॉ. वीरेन्द्र कुमार नई सड़क स्थित खादी ग्रामोद्योग विकास मंडल की खादी भंडार की दुकान पर पहुंचे। यहां मंत्री वीरेन्द्र कुमार ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित करते हुए उन्हें नमन किया और यहां से खादी के वस्त्रों की खरीदी की। इस मौके पर खादी ग्रामोद्योग विकास मंडल के अध्यक्ष संदीप कुलश्रेष्ठ ने उनका स्वागत किया। केन्द्रीय मंत्री ने खादी ग्रामोद्योग मंडल के पदाधिरियों से चर्चा कर खादी के बारे में न सिर्फ जानकारी प्राप्त की बल्कि शहर में खादी के प्रचार प्रसार को लेकर किए जाने वाले कार्यों के बारे में भी जाना। यही जिज्ञासा केन्द्रीयमंत्री के साथ आए उज्जैन के महापौर मुकेश टटवाल, नगर निगम सभापति कलावती यादव, विधायक अनिल जैन, भाजपा नगर अध्यक्ष विवेक जोशी, सहित अन्य अतिथियों में भी दिखाई दी। सभी अतिथियों ने खादी ग्रामोद्योग मंडल से अपनी अपनी पसंद का सामान खरीदा और खादी के संबंध में संस्थान के पदाधिरियों से जानकारी प्राप्त की।
खादी ग्रामोद्योग विकास मंडल के पदाधिकारियों उपाध्यक्ष प्रदीप जैन, सहसचिव मोहन नागर, सदस्य अनिल गुप्ता, डॉ विनोद बैरागी, प्रो. डॉ बी.के. आंजना, स्वदेश शर्मा, विश्वास शर्मा ने केन्द्रीयमंत्री सहित आए हुए सभी अतिथियों का स्वागत किया। इस दौरान पार्षद सुशील श्रीवास, जगदीश पांचाल, भाजपा नेता सोनू गेहलोत, राजपाल सिंह सिसोदिया, इकबाल सिंह गांधी, नरेन्द्र सांखला सहित कई जनप्रतिनि एवं सुधिजन उपस्थित थे।
इधर गांधी जयंती के अवसर पर उज्जैन के सांसद अनिल फिरोजिया भी खादी ग्रामोद्योग विकास मंडल द्वारा संचालित खादी भंडार की दुकान पहुंचे। सांसद ने यहां महात्मा गांधी के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उन्हें नमन किया और यहां से अपने लिए कुर्ते का कपड़ा खरीदा। संासद फिरोजिया ने कहा कि वे नियमित रूप से खादी के वस्त्र पहनते हैं, उनके परिवार में भी लोग खादी को पसंद करते हैं और पहनते हैं। हर साल गांधी जयंती पर वे खादी की खरीदी जरूर करते हैं। उन्होंने बताया कि बापू ने देश के लिए कई आंदोलन चलाए, उसमें से दो प्रमुख हैं, एक स्वच्छता के प्रति जागरूकता और दूसरा खादी को अपनाने का। बापू को आत्मसाद करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2014 में इन्हीं दोनों से लोगों को जोड़ने के लिए देशभर में स्वच्छता आंदोलन को बढ़ावा दिया और खादी अपनाने का आव्हान किया। संासद ने कहा कि खादी वस्त्र मौसम के अनुकूल होते हैं, ये गर्मी के मौसम में ठंडे और सर्दी के समय गर्म रहते हैं।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री के आव्हान के बाद खादी को पहनने वालों की संख्या में भी बढ़ोतरी हुई है। खासकर 02 अक्टोबर के दिन कई लोग खादी के वस्त्रों की खरीदी कर देशवासियों को एक संदेश देते हैं, ताकि अन्य लोग भी इसके प्रति प्रेरित हो और खादी को अपनाएं।