दिल्ली में आज से आतिशी राज, दिल्ली की तीसरी महिला मुख्यमंत्री हैं आतिशी
आतिशी ने शनिवार को दिल्ली की 9वीं मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली। राजनिवास में उन्हें उपराज्यपाल विनय सक्सेना ने शपथ दिलाई। आतिशी दिल्ली की सबसे युवा (43 साल) मुख्यमंत्री हैं। इससे पहले केजरीवाल 45 साल की उम्र में सीएम बने थे।
आतिशी बतौर महिला सुषमा स्वराज और शीला दीक्षित के बाद दिल्ली की तीसरी महिला सीएम हैं। 43 साल की आतिशी कालकाजी सीट से तीन बार की विधायक हैं। आमआदमी पार्टी विधायकों ने 17 सितंबर को केजरीवाल के इस्तीफे के बाद आतिशी का नाम मुख्यमंत्री के रूप में फाइनल किया था। आतिशी के शपथ ग्रहण समारोह में उनके माता-पिता, अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, विपक्ष के नेता विजेन्दर गुप्ता, भाजपा सांसद मनोज तिवारी शामिल हुए।
केजरीवाल और सिसोदिया की भरोसेमंद हैं आतिशी
केजरीवाल और सिसोदिया के जेल में रहते हुए आतिशी पार्टी का मजबूती से स्टैंड रखती रहीं हैं। स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगा फहराने के लिए भी केजरीवाल ने आतिशी के नाम की सिफारिश की थी। आतिशी 2013 के विधानसभा चुनावों के लिए आप का घोषणापत्र तैयार करने वाली समिति की प्रमुख सदस्य थीं। उसके बाद से ही पार्टी को विस्तार में अहम भूमिका निभाती रही हैं।