नाले पर अवैध निर्माण बरकरार सूचना के बाद भी कार्रवाई नहीं
नगर निगम की जानकारी के बावजूद देवासगेट क्षेत्र में स्थित नाले पर अवैध निर्माण कर उसकी चौड़ाई कम करने का काम जोर-शोर से चल रहा है, दुकानदारों ने नाले पर पक्का निर्माण कर उसे नाली बना दिया है। आसपास की कॉलोनियों से आने वाला पानी आगे बह नहीं पा रहा। कुछ समय पहले भी निगम अधिकारियों को इसे बारे में सूचना दी गई थी, तब तक निर्माण केवल चार दुकानों के आगे था, अब वहीं निर्माण काफी आगे तक बढ़ चुका है, क्योंकि इसे रोकने वाला कोई नहीं है।
रेलवे कॉलोनी, स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों का पानी इस नाले में आकर मिलता है। ऐसे में जब यह नाला जाम होता है तो पानी रास्ते से होते हुए चामुंडा माता चौराहा सहित अन्य पर इकट्ठा हो जाता है, जिसके चलते शहर के मुख्य चौराहे पर जलभराव बना रहता है।
बारिश से पहले निगम और प्रशासन ने नाले पर निर्मित अवैध निर्माण पर कार्रवाई करते हुए दुकानों को हटाया था लेकिन कुछ दिनों के अंदर ही फिर से निर्माण होने लगे और इस बार नाले की भूमि पर भी कब्जा किया जा रहा है। नाले पर ही अवैध निर्माण के चलते यहां सफाई नहीं हो पाती। लगभग 6 फीट गहरे इस नाले की गहराई अब 2 फीट के करीब बची है। साथ ही आगे निर्मित चैंबरों की सफाई भी नहीं हो पा रही। अधिकांश चैंबर जाम है।
दुकानदारों का कहना है कि पानी निगम द्वारा चैंबरों की सफाई नहीं होने से रुकता है। हमारी दुकानों से कोई फर्क नहीं पड़ रहा। हर साल चामुंडा माता चौराहा पर पानी भरता है, साथ ही इस साल भी थोड़ी हुई बारिश में यह क्षेत्र पानी से लबालब भर गया था। अगर ऐसे ही निर्माण होते रहा तो आगे चलकर स्थिति और खतरनाक बन सकती है। पहले जब निगम में इस बात की शिकायत की गई तो अधिकारियों ने स्थान का निरीक्षण कर कार्रवाई की बात की थी लेकिन अब तक यहां निगम का एक भी अधिकारी या कर्मचारी नहीं पहुंचा है।
सफाई न होने से बस स्टैंड के चैंबर जाम
जोन अधिकारी और स्वास्थ्य विभाग से बोलकर मामले को दिखवाते हैं। अगर अवैध निर्माण होगा तो उस पर कार्रवाई भी की जाएगी।
मनोज मौर्य, उपायुक्त राजस्व विभाग