शिव मंदिर का जर्जर शिखर गिराया:मलबा गिरने के बाद पुजारी ने नगर निगम को दिया था आवेदन
उज्जैन के मक्सी रोड स्थित सब्जी मंडी परिसर में स्थित शंभुनाथ शिव मंदिर के शिखर को रविवार को गिरा दिया गया। मंदिर के पुजारी ने जर्जर शिखर को तोड़ने के लिए नगर निगम को आवेदन दिया था। एक दिन पहले ही रात में आरती के बाद शिखर की छत से मलबा गिरा था। इसके बाद जेसीबी से शिखर का हिस्सा गिराया है।
मंदिर के पुजारी हरिओम तिवारी ने बताया कि मंदिर की शिखर की छत बारिश के कारण कमजोर हो गई थी। जिसके कारण छत से मलबा गिरने लगा था। शनिवार को भी रात में आरती के बाद मलबे का बड़ा हिस्सा गिरा था। दुर्घटना की आशंका को देखते हुए मंदिर की शिखर की छत को स्वेच्छा से हटाने के लिए नगर निगम में अधिकारियों को अवगत कराया था। इसके बाद छत का हिस्सा हटाया गया। नए शिखर का निर्माण समिति कराएगी।
नगर निगम जोन 5 के भवन अधिकारी जेपी मालवीय का कहना है कि छत का अधिकांश हिस्सा पूरी तरह जर्जर हो चुका था। छत में लगे सरिए भी सड़ चुके थे। जगह-जगह से प्लास्टर निकल रहा था। पुजारी की सहमति के बाद जर्जर छत को हटाया है।