सावन की चौथी सवारी में महाकाल अपनी प्रजा का हाल जानने निकलेंगे।
सावन का आज चौथा सोमवार है। उज्जैन में महाकाल के दर्शन पाने के लिए भक्त रविवार रात 1 बजे से ही कतारों में लगना शुरू हो गए थे। भस्म आरती के लिए रात 2.30 बजे मंदिर के पट खोल दिए गए। ये आज रात 10.30 बजे तक खुले रहेंगे। आज 3 लाख से ज्यादा भक्तों के आने की संभावना है।
शाम 4 बजे सावन की चौथी सवारी में महाकाल अपनी प्रजा का हाल जानने निकलेंगे। बाबा महाकाल बैलगाड़ी में नंदी पर विराजमान होकर श्री उमा-महेश के स्वरूप में दर्शन देंगे। पालकी में भगवान श्री चंद्रमौलेश्वर स्वरूप में विराजित रहेंगे। हाथी पर श्री मनमहेश, गरुड़ रथ पर श्री शिव तांडव प्रतिमा होगी। सवारी में भजन मंडली, सशस्त्र बल की टुकड़ी, घासी जनजातीय समूह के कलाकार नृत्य करते हुए चलेंगे।