top header advertisement
Home - उज्जैन << पांच साल में पांच गुना मुनाफा‎

पांच साल में पांच गुना मुनाफा‎


बुजुर्ग महिला किसान भगवंती देवी की तरह आप भी आधुनिक खेती कर अपनी आय बढ़ा सकते हैं। हामूखेड़ी में महिला दो बीघा जमीन पर शिवाश्रय कृषि फार्म में आधुनिक खेती कर रही हैं। साथ ही बर्फीली पहाड़ों पर उगने वाले सेब की खेती भी करके लाखों की कमाई कर रही हैं।

महिला ने उन्नत खेती से 5 सालों में आय 5 गुना तक कर ली है। महिला ने खेत पर एचआरएमएन-99 वैरायटी के सेब की खेती की है, इसके साथ ही खेत पर कमर्शियल क्रॉप जैसे कटहल, स्ट्रॉबेरी, चीकू, आम, संतरे, मौसंबी, फूल और सब्जियों की खेती करती हैं। उपज सीधे लोगों को एमआरपी पर बेचती हैं। यानी विक्रय का तरीका भी आधुनिक बना रखा है। महिला ने अधिकांश फलों के पौधे अन्य प्रदेशों से लाकर लगाए हैं।

बाहरी प्रदेशों से लाए पौधे इस तरह लगाए

सेब के पेड़ वैसे तो ठंडे क्षेत्र में पाए जाते हैं लेकिन महिला किसान ने एचआरएमएन-99 वैरायटी के विशेष पौध लगाए थे, जो कि कम ठंडे क्षेत्र में भी पनप जाते हैं। महिला किसान ने 500 रुपए प्रति पौधे के हिसाब से रियावन के धाकड़ नर्सरी से पौधे लाकर लगाए थे। पौधे ने दो साल बाद फल देना शुरू कर दिया है और एक किलो सेब की कीमत 150 रुपए से ज्यादा है।

. ऐसे ही महिला के फार्म हाउस में 40 से ज्यादा कटहल के पेड़ हैं, जिन्हें उन्होंने 5 साल पहले लगाया था। कटहल के प्रत्येक पौधे वे 50 से 100 रुपए की लागत में दक्षिण भारत के अलग-अलग राज्यों से लेकर आई हैं। वर्तमान में प्रत्येक पेड़ एक सीजन में 12 से 15 हजार की कमाई करवा रहा है। यह अंगूरी कटहल है, जो 12 से 15 किलो का होने पर भी पीला नहीं पड़ता। इसी तरह कई तरह के फल के पौधे भगवंती देवी द्वारा बाहर से मंगवाए हैं।

पीएम ने पसंद किए सुझाव

भगवंती देवी ने 2015 में भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को किसानों की आय बढ़ाने के लिए सुझाव दिए थे। प्रधानमंत्री को ये पसंद भी आए और उन्होंने इस पर अमल लाने के लिए भी कहा। भगवंती पुनः कृषि मंत्री शिवराजसिंह चौहान और प्रधानमंत्री को सुझाव देना चाहती हैं कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए यह उपाय कर सकते हैं। 1. परंपरागत खेती की जगह आधुनिक खेती की और प्रयास करें। 2. छोटे किसान सामूहिक खेती करें। 10-20 किसान खेती करेंगे तो लागत कम मुनाफा ज्यादा आएगा।

Leave a reply