महाकाल मंदिर में फिर महिला श्रद्धालु को कुत्ते ने काटा
महाकाल मंदिर में कुत्तों का आतंक कम नहीं हो रहा है। मंदिर के बाहर और परिसर में रहने वाले कुत्ते आए दिन श्रद्धालुओं को काट रहे हैं। गुरुवार सुबह जबलपुर की महिला श्रद्धालु दर्शन करने के बाद मंदिर से बाहर निकली तो एक नंबर गेट के पास मौजूद एक श्वान ने उस पर हमला कर पैर में काट लिया। महिला को प्राथमिक उपचार देने के बाद जिला अस्पताल भेजा गया।
महाकाल मंदिर में जुलाई माह में भी दो श्रद्धालुओं को मंदिर परिसर में रहने वाले कुत्तो ने काटा था। कई बार शिकायत के बाद भी नगर निगम की टीम इस पर कार्रवाई नहीं कर रही है। जिसका खामियाजा वाले श्रद्धालुओं को भुगतना पड़ रहा है। गुरुवार सुबह जबलपुर निवासी सुषमा शाह नामक महिला परिवार के साथ महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन करने आई थी। सुबह दर्शन कर जब वह मंदिर परिसर से बाहर निकली, इसी दौरान एक नम्बर गेट के पास वहाँ मौजूद एक कुत्ते ने महिला श्रद्धालु पर हमला कर काट लिया। महिला को तुरंत मंदिर के अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल में उपचार के लिए भेजा गया। निगम का दावा 22 कुत्ते पकडे फिर भी श्रद्धालु को हमला कर रहे है -
नगर निगम कमिश्नर ने महाकाल मंदिर और आसपास के क्षेत्रो से 22 कुत्ते पकड़ने का दावा किया था। इसके बाद भी आंध्र प्रदेश के रंगारेड्डी शहर से आए मुलुगु राजकिरण को रविवार को सुबह भस्म आरती करने के बाद एक कुत्ते ने राजकिरण पर हमला कर उनके पेट में काट लिया था। इसी तरह 7 जुलाई को भी दिल्ली से महिला डॉक्टर को भी मंदिर परिसर में कुत्ते ने काटा था।