सुगम यातायात:सिंहस्थ क्षेत्र में जाने के लिए 21 करोड़ से शिप्रा नदी पर दो टू-लेन ब्रिज बनेंगे
सिंहस्थ-2028 में मेला क्षेत्र में जाने के लिए करीब 21 करोड़ रुपए की लागत से शिप्रा नदी पर दो टू-लेन ब्रिज का निर्माण किया जाएगा। इससे इंदौर-उज्जैन फोरलेन व यंत्र महल मार्ग से मेला क्षेत्र की सीधी कनेक्टिविटी हो सकेगी।
शिप्रा नदी पर टू-लेन ब्रिज एप्रोच सहित करीब 400 मीटर लंबा होगा। इसकी चौड़ाई 12 मीटर होगी। विभाग की ओर से ब्रिज निर्माण का टेंडर जारी कर दिया गया है, जिसका परीक्षण किया जा रहा है। ब्रिज के निर्माण पर करीब 11 करोड़ रुपए खर्च होंगे। इसकी रोड के माध्यम से कनेक्टिविटी इंदौर रोड पर परमेश्वरी गार्डन के समीप से रहेगी। यानी इंदौर रोड व सिंहस्थ मेला क्षेत्र सीधे जुड़ जाएंगे। इंदौर रोड व सांवेर की ओर से आने वाले श्रद्धालु व इंदौर रोड क्षेत्र के रहवासी सिंहस्थ में सीधे मेला क्षेत्र तक आ-जा सकेंगे। इससे सिंहस्थ बायपास रोड पर स्थित ब्रिज पर ट्रैफिक का लोड कम हो सकेगा।
हरिफाटक मार्ग पर स्थित वाकणकर ब्रिज की सड़क का निर्माण भी सिंहस्थ बायपास तक किया जा रहा है। सिंहस्थ में इस मार्ग व ब्रिज का उपयोग भी हो सकेगा। इसमें सिंहस्थ बायपास से श्रद्धालु हरिफाटक की ओर जा सकेंगे और वापस आ सकेंगे। 18 मीटर चौड़ी सड़क का भी निर्माण किया जा रहा है। विभाग ने यह कार्य डेढ़ साल में पूर्ण करने का टारगेट है। इस मान से अक्टूबर-नवंबर-2025 तक कार्य पूर्ण हो सकेगा। नगर निगम के ईई पीयूष भार्गव ने बताया शिप्रा नदी पर मेला क्षेत्र में जाने के लिए करीब 21 करोड़ रुपए से दो टू-लेन ब्रिज का निर्माण किया जाएगा। इसके टेंडर जारी कर दिए हैं और अब परीक्षण किया जा रहा है।