उज्जैन में रिटायर्ड फौजी ने पुलिस के सामने भाजपा नेता को गोली मार दी।
उज्जैन में रिटायर्ड फौजी ने पुलिस के सामने भाजपा नेता को गोली मार दी। गोली भाजपा नेता की छाती में दाहिने तरफ लगी। पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। कोई कुछ समझ पाता इससे पहले ही आरोपी फरार हो गया। भाजपा नेता को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना गुरुवार देर रात करीब 1 बजे नागझिरी के हामुखेड़ी की है। फायरिंग के बाद उज्जैन एसपी प्रदीप शर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने भाजपा नेता के परिवार से बात की। एसपी ने बताया, बच्चों के पुराने विवाद में रिटायर्ड फौजी और भाजपा नेता भिड़ गए थे। दोनों का विवाद शांत कराने पुलिस पहुंची थी। पुलिस मामले को सुलझाने का प्रयास कर ही रही थी, इसी दौरान सुरेंद्र प्रताप सिंह ने लाइसेंसी रिवॉल्वर से फायरिंग कर दी।
गोली चलाने वाला सुरेंद्र प्रताप सिंह आर्मी से रिटायर्ड है। वह फरार है। उसके बड़े भाई को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। बिल्डर और भाजपा आर्थिक प्रकोष्ट के नगर संयोजक प्रकाश यादव को गोली लगी है। अभी वो खतरे से बाहर है।