10 करोड़ में बना अंतरराष्ट्रीय स्वीमिंग पूल बंद
नगर निगम द्वारा शहर में दो स्वीमिंग पूल संचालित किए जाते हैं, इसके बावजूद इस गर्मी के मौसम में निगम की तरफ से शहर की जनता और खिलाड़ियों के पास स्वीमिंग के लिए कोई व्यवस्था नहीं है। शहर में निगम के दो स्वीमिंग पूल हैं।
पहला कोठी रोड स्थित पूल निर्माणाधीन होने के कारण जनता के लिए खुला नहीं है और दूसरा निगम के पास स्थित स्वीमिंग पूल करोड़ों का बनाया है, लेकिन खर्चों के कारण निगम ने इसके संचालन से हाथ खींच लिया है और इसकी जिम्मेदारी किसी प्राइवेट कंपनी को देने की तैयारी है। इस स्वीमिंग पूल को बंद हुए एक साल से ज्यादा हो गया है। वर्तमान में न इसे निगम चला रही है और न ही अब तक किसी कंपनी ने इसे संचालित करने का टेंडर लिया है।
2019 में नगर निगम परिसर मे स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत 10 करोड़ की लागत से अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्वीमिंग पूल का शुभारंभ किया था, जिसके संचालन की जिम्मेदारी स्मार्ट सिटी से नगर निगम ने ली थी। लेकिन कुछ समय बाद ही निगम को पूल का मेंटेनेंस भारी पड़ने लगा और न ही निगम के पास पूल संचालन के लिए प्रशिक्षित कर्मचारी उपलब्ध हैं। इसे देखते हुए प्राइवेट कंपनी को पूल का ठेका देने का निर्णय लिया। इस वर्ष जनवरी में टेंडर जारी किया था लेकिन अब तक कोई कंपनी ठेका लेने के लिए सामने नहीं आई है। साथ ही आचार संहिता लगने के कारण पूल का संचालन का काम भी अटक गया है।
शहर वासियों के लिए पूल का संचालन जरूरी
स्वीमिंग पूल कंपनी के माध्यम से चलाया जा रहा था। अभी टेंडर नहीं हो पाया है, जिसके चलते नगर निगम ही तीन से चार महीने पूल का संचालन करेगी। बात जारी है। 10 से 15 दिन में पूल खुलवा दिया जाएगा। मुकेश टटवाल, महापौर
शहरवासियों के लिए पूल का संचालन जरूरी ^पूल के संचालन नहीं होने से कई खिलाड़ी भी परेशान हो रहे हैं। एक का निर्माण चल रहा है व दूसरा बंद है। ऐसे में शहरवासियों की सुविधाओं को देखते हुए निगम को पूल जल्द खुलवाना चाहिए। रवि राय, नेता प्रतिपक्ष