नगर निगम के गेट पर बुधवार को कर्मचारी और आउटसोर्स कर्मचारियों ने मिलकर प्रदर्शन किया।
नगर निगम के गेट पर बुधवार को कर्मचारी और आउटसोर्स कर्मचारियों ने मिलकर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों की मांग थी कि 450 कर्मचारियों के समयमान-वेतनमान के आदेश और 300 कर्मचारियों एवं पेंशनरों के समयमान-वेतनमान का एरियर का भुगतान जल्द किया जाए। यह प्रदर्शन गुरुवार को भी जारी रहेगा।
निगम गेट पर प्रदर्शन कर रहे कर्मचारीयों ने आरोप लगाया कि आज दिनांक तक कर्मचारियों से संबंधित मांगों का निराकरण नहीं किया गया एवं आउटसोर्स कर्मचारियों को 2-3 माह से वेतन नहीं दिया जा रहा है जिससे निगम गेट पर प्रदर्शन करना पड़ रहा है। गुरुवार को भी दोपहर 12 बजे से गेट मीटिंग जारी रहेगी। कर्मचारी संघ एवं सेवानिवृत्त कर्मचारी संघ संरक्षक रामचंद्र कोरट ने कहा कि नगर निगम का हर कर्मचारी परेशान हो रहा है। नगर निगम का कर्मचारी एवं दूर-दूर से अपने कार्य के लिये आने वाले नागरिक पानी के लिये परेशान हो रहे हैं। पदोन्नति की कार्यवाही नहीं की जा रही है। 450 कर्मचारियों के समयमान-वेतनमान के आदेश जारी नहीं हुए हैं। 300-350 कर्मचारियों एवं पेंशनरों के समयमान-वेतनमान का एरियर का भुगतान नहीं किया गया है। आउटसोर्स कर्मचारियों का 2-3 माह से वेतन नहीं दिया जा रहा है। ऐसी कई समस्याओं को लेकर गेट मीटिंग रख प्रदर्शन करना पड़ा।
इस अवसर पर डॉ. पवन व्यास, रमेशचंद्र निगम, नितन मुसले, रमेशचंद्र रघुवंशी, महेन्द्र तिवारी आदि पदाधिकारियों ने भी कर्मचारियों को संबोधित किया। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कर्मचारी, आउटसोर्स कर्मचारी एवं महिला कर्मचारी उपस्थित थे।