पहली बार उज्जैन की सड़कों पर कारों का ऐसा कारवां कि दशहरा मैदान से देवास रोड तक तथा भरतपुरी से लेकर महाकाल वाणिज्यिक केंद्र तक शनिवार को चार पहिया वाहनों की लंबी कतार लगी रही।
पहली बार उज्जैन की सड़कों पर कारों का ऐसा कारवां कि दशहरा मैदान से देवास रोड तक तथा भरतपुरी से लेकर महाकाल वाणिज्यिक केंद्र तक शनिवार को चार पहिया वाहनों की लंबी कतार लगी रही। 1 मार्च से शुरू हुए विक्रम व्यापार मेले में नौ दिन में 2400 वाहनों की ब्रिक्री हो चुकी है, जिसमें 1700 चार पहिया वाहन हैं और 700 टू-व्हीलर व छोटे वाहन है। शनिवार काे कुल 400 वाहन बिके, जिसमें 300 कार एवं 100 दाेपहिया सहित अन्य वाहन हैं। महाकाल वाणिज्यिक केंद्र में यूडीए की खाली पड़ी जमीन पर जीरो पाइंट बनाया गया है।
दशहरा मैदान में आयोजित विक्रम व्यापार मेले से वाहन खरीदने के बाद नए वाहन के साथ में लोग अपने वाहनों का वेरिफिकेशन करवाने के लिए जीरो पाइंट पर जा रहे हैं। इसमें उन्हें अपनी बारी आने का इंतजार करना पड़ रहा है, क्योंकि वाहनों की करीब डेढ़ किमी में कतार लगी हुई है। वाहनों का वेरिफिकेशन होने के बाद वाहन को फिर से दशहरा मैदान लाया जा रहा है। ऐसे में वाहनों की लंबी कतार दोनों तरफ लग रही है। एवरेज हर दिन मेले में करीब 250 से 300 वाहन बिक रहे हैं।
नौ दिन में 2400 वाहन बिके हैं, जिसमें 1700 चार पहिया वाहनों की बिक्री के साथ उज्जैन में आर्थिक ग्रोथ तेजी से बढ़ी है। वाहनों का रजिस्ट्रेशन में आरटीओ की ओर से 50 प्रतिशत तक की छूट दी जाएगी। मेला 9 अप्रैल तक चलेगा। दीपावली पर करीब 1800 कारों की बिक्री हुई थी और करीब 700 लोगों को बुकिंग के बाद भी स्टॉक खत्म होने की वजह से कार नहीं मिल पाई थी।
दूसरे राज्यों से लोग आ रहे
मोटरयान कर में छूट के अलावा डीलर भी वाहनों पर छूट दे रहे हैं। यही वजह है कि शहर व जिले के साथ दूसरे जिलों व राज्यों से भी लोग व्यापार मेले में आकर वाहन खरीद रहे हैं। यही वजह है कि दशहरा मैदान से लेकर देवास रोड व भरतपुरी से लेकर महाकाल वाणिज्यिक केंद्र तक वाहनों की लंबी कतार देखने को मिल रही है।
अब तक 6 करोड़ की छूट
मेले में नए गैर परिवहन वाहनों तथा हल्के परिवहन वाहनों की खरीदी पर आरटीओ द्वारा वाहनों के जीवनकाल मोटरयान कर की दर पर 50 प्रतिशत छूट दी जा रही है। अब तक 6 करोड़ से ज्यादा की छूट लोग ले चुके है। देवास के धर्मपाल राय ने व्यापार मेले में नई कार खरीदी। इस पर उन्हें 36000 रुपए की छूट मिली।
1700 चार पहिया वाहन बिक चुके
विक्रमोत्सव के तहत दशहरा मैदान में आयोजित विक्रम व्यापार मेले में अब तक 2400 वाहनों की ब्रिक्री हो चुकी है। इसमें 1700 चार पहिया वाहन हैं। जिन्हें टैक्स में 6 करोड़ 62 लाख की छूट दी जा चुकी है। - संतोष मालवीय,आरटीओ
ग्राउंड छाेटा पड़ रहा
विक्रम व्यापार मेले में वाहनों को लेकर लोगों में खासा उत्साह दिख रहा है। शनिवार को बड़ी संख्या में वाहनों की बिक्री हुई है। ग्राउंड भी छोटा पड़ने लगा है। मेले में नगर निगम की टीम लगी हुई है, जो कि सारी व्यवस्थाएं देख रही हैं। -आशीष पाठक, आयुक्त नगर निगम