बॉयर-सेलर मीट भी हुई, 03 प्रदर्शनियां बनी आकर्षण का केन्द्र
उज्जैन- रीजनल इण्डस्ट्री कॉन्क्लेव में कृषि, खाद्य प्रसंस्करण, खनिज, इंजीनियरिंग, कपड़ा, आईटी और इलेक्ट्रॉनिक्स, शहरी अधोसंरचना जैसे क्षेत्रों में विविध निवेश के अवसरों का प्रदर्शन किया गया । राज्य सरकार, ओडीओपी और राज्य के अन्य उत्पादों के निर्यात और घरेलू व्यापार को बढ़ावा देने के लिए समानांतर रूप से काम कर रहा है, जिसके लिए एक अलग बॉयर सैलर बैठक क्षेत्र बनाया गया है। कॉन्क्लेव में दो दिनों में 2500 से अधिक बॉयर सेलर के साथ बैठक हुई जिसमें भागीदारों का उत्साह सामने आया। मध्य प्रदेश के औद्योगिक परिवेश को प्रदर्शित करने के लिए तीन प्रदर्शनी स्थापित की गई जिनमें 16 विभिन्न तरह के उद्योगों के जरिए प्रदेश के औद्योगिक पारिस्थितिकी तंत्र के संबंध में जानकारी दी गई। मध्य प्रदेश मंडप में मध्य प्रदेश की नीतियों के साथ ही ओडीओपी उत्पाद के बारे में भी जानकारी दी गई। ओडीओपी से संबंधित विशेष प्रकाशन भी किया गया। कॉन्क्लेव में इसका विमोचन हुआ। कॉन्क्लेव में भागीदार कर रहे प्रतिनिधियों ने मध्य प्रदेश के उद्योग क्षेत्र से जुड़ी उपयोगी जानकारियों और सूचनाओं के प्रकाशन का स्वागत भी किया।
भगवान महाकाल की नगरी उज्जैन में पहली बार उद्योग क्षेत्र का दो दिवसीय सार्थक आयोजन संपन्न हुआ। विश्व पटल पर उज्जैन के पौराणिक महत्व के साथ औद्योगिक क्रांति की इस नई पहल का सभी पक्षों द्वारा स्वागत हुआ है।