उज्जैन में रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव के दूसरे दिन शनिवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पीएम श्री एयर एम्बुलेंस का लोकार्पण किया।
उज्जैन में रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव के दूसरे दिन शनिवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पीएम श्री एयर एम्बुलेंस का लोकार्पण किया। यह एयर एम्बुलेंस दूर-दराज के इलाकों से गंभीर मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाएगी। सीएम ने बिजनेसमैन से वन-टू-वन चर्चा की। प्रदेश में 10 हजार करोड़ रुपए के निवेश पर सहमति बनी। कॉन्क्लेव में आज धार्मिक, फिल्म टूरिज्म और फार्मा मेडिकल डिवाइसेज के अवसर और चुनौतियों पर सत्र आयोजित हुआ। सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा, कॉन्क्लेव के समापन को हम नए भविष्य की संभावना मानें।
केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल कॉन्क्लेव में शामिल होने उज्जैन पहुंचे हैं। कॉन्क्लेव से केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल भी वर्चुअल जुड़ेंगे। प्रमुख सचिव राघवेंद्र सिंह ने कहा, कॉन्क्लेव में चार हजार से ज्यादा लोगों ने पार्टिसिपेट किया। यूके, फिजी, जर्मनी, जामिया, मलेशिया समेत इनमें 12 से अधिक देशों के लोग भी कॉन्क्लेव में शामिल हुए। अडाणी और पेप्सीको समूह ने बड़े निवेश किए हैं। प्रदेश में 10 हजार करोड़ से ज्यादा का निवेश होगा और 17 हजार से अधिक लोगों को रोजगार मिलेगा।
केंद्रीय मंत्री बोले ये इंडस्ट्री का 4.0 कालखंड
केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा, इस कॉन्क्लेव का उद्देश्य है कि इंवेस्टर्स यहां आएं, महाकाल के दर्शन करें और लोगों को रोजगार भी दें। हम इंडस्ट्री के 4.0 कालखंड में जी रहे हैं। इंडस्ट्री के कालखंड हैं। इसकी शुरुआत स्टीम के कालखंड से हुई थी। जब बिजली से इंडस्ट्री चली तो इसे 2.0 नाम दिया। आईटी आई, कम्प्यूटर आया तो इसे रणनीतिकारों ने 3.0 कहा। अब एआई, रोबोटिक्स, एआरवीआर आ गया है। हम किसी भी मामले में पीछे नहीं गए। सभी में आगे बढ़ते गए।
मेघवाल ने कहा, लोग कह रहे होंगे इस कॉन्क्लेव में कानून मंत्री का क्या काम। मैं कहता हूं हमने मोदी जी के आने के बाद इंडस्ट्री के लिए नए कानून बनाए। कुछ कानूनों में बदलाव किए हैं। आजादी के पहले के कई कानून लोगों को और उद्योगपतियों को परेशान करते थे। हमने ऐसे साढ़े पंद्रह सौ से अधिक कानून खत्म कर दिए हैं। हम मीडिएशन लॉ लाए हैं। अब सभी मामले कोर्ट न जाएं इसका प्रयास है। दो झगड़ने वाले भाई अपना मीडियाएटर तय कर दें कि जो ये कहेगा वो हम मान लेंगे। यह इस लॉ में है। इससे लोगों का समय बचेगा।