सफल हुआ है चीतों का पुनर्स्थापन : केंद्रीय मंत्री श्री भूपेंद्र यादव पालपुर कूनो में 350 चीता मित्रों को मिली सायकिल चीता मित्रों को मोटर सायकिल देंगे: मुख्यमंत्री डॉ. यादव श्योपुर जिले में 71.89 करोड़ के विकास कार्यो का लोकार्पण एवं शिलान्यास
उज्जैन- केंद्रीय श्रम एवं रोजगार और पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री भूपेंद्र यादव ने कहा है कि श्योपुर में क्रियान्वित चीता परियोजना स्थानीय निवासियों के सहयोग से सफलतापूर्वक संचालित हो रही है। यहां जिन लोगों को चीता मित्र बनाया गया है, वे वास्तव में चीता परम मित्र हैं। यह दुनिया का अपनी तरह का पहला ऐसा सफल प्रकल्प है जहां चीतों का ट्रांसलोकेशन अंतर्महाद्वीपीय आधार पर किया गया। चीतों ने यहां के मौसम के अनुकूल रहवास करते हुए तमाम आशंकाओं को भी दूर किया। यहां 20 चीते लाए गए थे, परिस्थितियों के कारण कुछ चीते नहीं रहे, लेकिन आज इनकी संख्या 21 है और सभी निरंतर भ्रमण कर रहे हैं। निश्चित ही इस क्षेत्र में लघु और दीर्घकालिक योजनाओं के क्रियान्वयन से हम आगे बढ़ेंगे।
केंद्रीय मंत्री श्री भूपेंद्र यादव आज श्योपुर के सेंसईपुरा में चीता मित्र सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में 71.89 करोड़ के विकास कार्यो का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया एवं 350 चीता मित्रों को सायकिल वितरण भी किया गया। केंद्रीय मंत्री श्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश तीव्र प्रगति करेगा। विभिन्न क्षेत्रों में योजनाओं के माध्यम से निर्धनता को कम किया जाएगा। प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में देश में बड़ी आबादी निर्धनता से बाहर निकल रही है।