36 दिन बाद तापमान 30 डिग्री पहुंचा
मंगलवार की सुबह हवा की रफ्तार शून्य रही। देर रात के अलावा सुबह वातावरण में मध्यम कोहरा भी छाया रहा। दोपहर बाद भी केवल 4 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलती रही। इससे दिन में तापमान 0.6 डिग्री सेल्सियस बढ़ गया। मंगलवार को दिन का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहा। तापमान में लगातार हो रही वृद्धि के चलते एक महीने से भी ज्यादा समय के बाद दिन में पारा 30 डिग्री या इससे अधिक पर आया है।
इसके पहले 20 नवंबर को 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया था। सोमवार-मंगलवार की रात भी न्यूनतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की कमी आई, जिससे पूरी रात ठंडक बनी रही। सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विज्ञान केंद्र भोपाल ने बुधवार को भी शहर सहित उज्जैन जिले में मौसम शुष्क बना रहने का पूर्वानुमान लगाया है।