बर्फीली हवा ने लोगों को कंपकंपाया
बर्फीली हवा ने कड़ाके की सर्दी से लोगों को कंपकंपा दिया है। रात के बाद अब दिन में भी सर्दी का असर बढ़ गया है। दिन में ठंडक का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अधिकतम तापमान सामान्य औसत से 4.8 डिग्री सेल्सियस कम है। बादल छाने के बाद मौसम में सर्दी का असर और ज्यादा बढ़ गया है।
मंगलवार को दिनभर 4 से 6 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज रफ्तार से बर्फीली हवा चलती रही। दिन में अधिकांश समय घने बादल छाए रहे, जिससे दिन में कंपकंपा देने वाली सर्दी महसूस होती रही। दिन के तापमान में भी आधा डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई। बर्फीली हवा के असर से पिछले पांच दिनों के भीतर दिन के तापमान में चार डिग्री सेल्सियस कम हो चुका है। मंगलवार को दिन का अधिकतम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो कि सामान्य औसत तापमान से 4.8 डिग्री सेल्सियस कम है।
इधर रात में तापमान बढ़ने और पारा सामान्य औसत से अधिक होने के बावजूद ठिठुराने वाली सर्दी बनी हुई है। सोमवार-मंगलवार की रात न्यूनतम तापमान 1.8 डिग्री सेल्सियस बढ़ गया लेकिन पूरी रात कड़ाके की सर्दी से लोग जूझते रहे। सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात न्यूनतम तापमान 11.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो कि सामान्य औसत तापमान से 2.9 डिग्री सेल्सियस अधिक है।