top header advertisement
Home - उज्जैन << शिवराज ने चुनाव की जल्दबाजी में कर दिए लोकार्पण, ढाई महीने बाद भी काम पूरे नहीं

शिवराज ने चुनाव की जल्दबाजी में कर दिए लोकार्पण, ढाई महीने बाद भी काम पूरे नहीं


शिवराज सिंह चौहान ने इसी साल 5 अक्टूबर को महाकाल लोक फेज-2 के जिन कामों का लोकार्पण किया था, वे ढाई माह बाद अब भी पूरे नहीं हो पाए हैं। निर्माण एजेंसी से जुड़े अफसरों का कहना है कि कई काम फिनिशिंग स्टेज तक पहुंच गए हैं जबकि वस्तु स्थिति यह है कि लोकार्पण के बाद उनकी गति इतनी धीमी हो गई थी कि कई कामों में अब तक जुड़ाई, प्लास्टर का काम हो रहा है।

महाकाल लोक के फेज-2 के 242.35 करोड़ रुपए के कामों को लोकार्पित किया गया था। महाकाल महाकाल 47 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित किया गया है। इसके साथ शक्तिपथ, महाकाल लोक वन, नीलकंठ वन, महाराजवाड़ा परिसर का उन्नयन, सिद्धि‍ विनायक पथ, नया महाकाल सवारी मार्ग, कोटितीर्थ मार्ग, महाकाल टनल का निर्माण किया जा रहा है।

अन्नक्षेत्र की शुरुआत तो हो गई है लेकिन इसकी एक दूसरी मंजिल में अब तक सेटअप तैयार नहीं हो पाया है। सीईओ स्मार्ट सिटी आशीष पाठक ने बताया कि रामघाट का काम बाकी है, महाकाल परिसर में अधिकांश काम फिनिशिंग स्तर पर हैं। महाराजवाड़ा के एक भाग का काम अभी किया जा रहा है। शिखर दर्शन का काम पूरा हो गया है, सौंदर्यीकरण किया जा रहा है।

इनका किया था लोकार्पण, उनकी वर्तमान स्थिति

काम : नीलकंठ क्षेत्र का विकास। लागत : 72.94 करोड़ रुपए। वर्तमान स्थिति : इसमें प्लास्टर के साथ फिनिशिंग जारी है। काम : शक्तिपथ एवं अन्नक्षेत्र। लागत : 56.17 करोड़ रुपए। वर्तमान स्थिति : अन्नक्षेत्र शुरू हो गया है लेकिन केवल एक ही मंजिल पर। शक्तिपथ में आवागमन बंद है। काम: महाराजवाड़ा परिसर एवं छोटा रुद्रसागर क्षेत्र का विकास। लागत : 57.07 करोड़ रुपए। वर्तमान स्थिति : महाराजवाड़ा परिसर के एक हिस्से ए पार्ट का काम बाकी है। बी पार्ट के काम में फिनिशिंग की जा रही है। काम : श्री महाकालेश्वर शिखर दर्शन एवं आंतरिक परिसर विकास। लागत : 47.83 करोड़ रुपए। वर्तमान स्थिति : शिखर दर्शन में सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। आंतरिक विकास कार्य में प्लास्टर का काम बाकी है।

Leave a reply