भारत संकल्प यात्रा के कार्यक्रम में शामिल होंगे, PM मोदी वर्चुअल जुड़ेंगे
उज्जैन। मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव दोपहर उज्जैन आएंगे। वे दशहरा मैदान पर आमसभा को संबोधित और जनहितैषी योजनाओं पर केंद्रित विकसित भारत संकल्प यात्रा का शुभारंभ करेंगे। उज्जैन के विकास को लेकर उनके मन-मस्तिष्क में छाई योजना को साझा करेंगे। सभा उपरांत यहां से छत्री चौक तक रैली निकलेगी। मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए भाजपा और उससे संबद्ध विभिन्न संगठनों ने 300 से अधिक मंच बनाए हैं। शहर को यादव के कटआउट और होर्डिंग से पाट दिया है।
तैयारियों को लेकर शनिवार को भाजपा और प्रशासन व्यस्त रहा। कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम, एसपी सचिन शर्मा, नगर निगम आयुक्त रोशन कुमार सिंह ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ सभा स्थल का निरीक्षण किया। शहर की यातायात व्यवस्था बेहतर रखने के निर्देश दिए। बताया कि राज्य स्तरीय विकसित भारत संकल्प यात्रा का वर्चुअल शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शाम 4 बजे करेंगे। इस कार्यक्रम का वीडियो प्रसारण सभा स्थल पर किया जाएगा।