जबरदस्त आवक होने से मटर फली मंडी में अफरा-तफरी का माहौल रहा।
जबरदस्त आवक होने से मटर फली मंडी में शुक्रवार को अफरा-तफरी का माहौल रहा। खुले क्षेत्र में लगी मटर फली मंडी में कीचड़ अधिक होने से व्यापारियों को माल तौलने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। खाचरौद की नवीन कृषि उपज मंडी में सुबह करीब 11 बजे किसान मटर फली की ट्रॉलियां लेकर गए थे। इस दौरान वहां भी जाम लगने के कारण अफरा तफरी मच गई।
इसके बाद व्यापारियों ने फिर से नागदा रोड स्थित मटर फली मंडी में कीचड़ में ही किसानों का माल तौला। इस दौरान कई किसान अपना माल वापस ले गए क्योंकि व्यापारियों ने सुबह 10 से दोपहर 12 तक किसानों को 15 से 16 रुपए किलो के भाव दिए थे और 12 बजे के बाद अधिक ट्रैक्टर ट्रॉलियां आने के कारण व्यापारियों ने भाव 10 से 12 रुपए कर दिए। भाटखेड़ी कृषक राकेश धाकड़ ने बताया शुक्रवार को मटर फली की अधिक आवक होने के कारण पहले तो व्यापारी माल तौलने में आनाकानी कर रहे थे फिर व्यापारियों ने माल के भाव 10 से 12 रुपए कर दिए। व्यापारियों ने किसानों से कहा मटर तौलना हो तो तौलो नहीं तो वापस ले जाओ। कई किसान अपनी उपज वापस भी ले गए। शुक्रवार को खाचरौद मटर फली मंडी में बंपर आवक होने से यातायात बाधित हुआ। ट्रैक्टर ट्रॉलियां और मोटरसाइकिलों पर बड़ी संख्या में किसान मटर लेकर पहुंचे तो नगर के प्रमुख मार्गों सहित नगर से बाहर जाने वाले सभी मार्गों पर जाम की स्थिति बन गई।
सुबह 11 बजे से लेकर शाम 4 बजे तक यही हालत रही। बार-बार जाम लगने के कारण सबसे ज्यादा परेशानी नगर से बाहर जाने वाले नागरिकों, स्कूली बच्चों को हुई। गुरुवार को भी मटरफली मंडी में जबरदस्त आवक हुई थी और नगर का यातायात बाधित हुआ था। शुक्रवार को दूसरे दिन भी बंपर आवक हुई और पुलिस ने यातायात व्यवस्था के कोई इंतजाम नहीं किए। आईटीआई कॉलेज पर खुले क्षेत्र में मटर फली मंडी लगती है। मंडी के पास शासकीय मॉडल स्कूल, सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, प्रियंका मेमोरियल पब्लिक स्कूल, शासकीय महाविद्यालय है। यहां पर बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की आवाजाही लगी रहती है। बावजूद पुलिस प्रशासन मंडी के बाहर एक-दो जवान खड़े कर अपने कर्तव्य की इतिश्री कर लेते हैं। नागदा रोड वाला मार्ग सबसे ज्यादा आवाजाही वाला मार्ग है।
पुलिस प्रशासन की लचर व्यवस्था के चलते नागरिकों, स्कूली बच्चों को भारी असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है। मटरफली मंडी में शुक्रवार को इस सीजन की दूसरी जबरदस्त आवक हुई। शाम तक व्यापारियों ने 90 से अधिक आयशर गाड़ियां भरकर माल अहमदाबाद, सूरत, मुंबई, दिल्ली, कोटा, नीमच आदि बड़े महानगरों में भिजवाया।