दिल्ली में राष्ट्रीय स्तर पर हुए भारतीय मजदूर संघ के धरना
दिल्ली में राष्ट्रीय स्तर पर हुए भारतीय मजदूर संघ के धरना प्रदर्शन में शहर के 150 कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। पुरानी पेंशन नीति लागू करवाने के लिए हुए इस प्रदर्शन में देशभर से 25 हजार से भी ज्यादा कर्मचारी जुटे थे। कर्मचारियों ने कहा कि पुरानी पेंशन लागू करने की मांग की जाए। भारत के अनेक राज्यों ने पुरानी पेंशन देने के लिए आदेश दिए हैं। कर्मचारियों को आश्वस्त किया है, परंतु देश के संविधान के अंतर्गत राज्य की इकाइयों को अपने वित्तीय व्यय में बिना केंद्र की अनुमति के संशोधन करने का प्रावधान नहीं है। इस कारण उन राज्यों में दी गई पेंशन भी आधी अधूरी हो गई।
इसके तकनीकी कारणों से कर्मचारियों की पेंशन व्यवस्था में सुधार नहीं हो पाया है और कर्मचारी ठगा जा रहा है। भारतीय मजदूर संघ के अखिल भारतीय महामंत्री रवींद्र हिमते ने सरकार को घेरते हुए कहा कि जब धारा 370 हटाई जा सकती है, देश में राम मंदिर का निर्माण किया जा सकता है, 35 ए में संशोधन किया सकता है तो पुरानी पेंशन भी लागू की जा सकती है। उज्जैन से मध्य प्रदेश कर्मचारी कल्याण समिति अध्यक्ष रमेशचंद्र शर्मा, रामसिंह बनिहार, दिलीप चौहान, रमेशचंद्र श्रीवैया,मनोज मोरटे, अर्जुनसिंह सोलंकी, संजयसिंह सिसोदिया आदि मौजूद थे। अध्यक्षता राष्ट्रीय राज्य कर्मचारी महासंघ अध्यक्ष विपिन डोगरा ने की।