दिन में 1.7 डिग्री कम पारा, एक सप्ताह में गिर सकता है मावठा
एक सप्ताह के भीतर मावठा गिरने के भी आसार हैं। इस दौरान बादल छाने के साथ सर्द हवा चलने और हल्की बारिश होने की संभावना है। इधर पश्चिमी विक्षोभ का असर शुरू होने से पहले ही उत्तरी सर्द हवा आना फिर से शुरू हो गई है। इसके कारण बीते 24 घंटों के भीतर दिन के तापमान में कमी आई है। मंगलवार की सुबह शहर में हवा की रफ्तार शून्य रही लेकिन दोपहर बाद 4 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने लगी।
इसके कारण दिन में तेज धूप निकलने के बावजूद तापमान 1.7 डिग्री सेल्सियस कम हो गया और दो दिनों के बाद अधिकतम तापमान फिर से 30 डिग्री सेल्सियस से कम हो गया। मंगलवार को दिन का अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो कि सामान्य औसत तापमान से 0.6 डिग्री सेल्सियस कम है। इधर रात में तापमान 1.6 डिग्री सेल्सियस बढ़ने के कारण ठंडक का असर थोड़ा कमजोर पड़ गया। सोमवार-मंगलवार की रात न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहा, जो कि सामान्य औसत तापमान से 1.6 डिग्री सेल्सियस अधिक है।
मौसम विज्ञान केंद्र भोपाल के अनुसार उत्तर भारत में 25 नवंबर को पश्चिमी विक्षोभ पहुंचेगा। यह पश्चिमी विक्षोभ मजबूत रहने की संभावना है। जिससे इसका असर पश्चिमी मध्यप्रदेश में भी होगा। इसके असर से 26 से 28 नवंबर के बीच हल्की बारिश होने के आसार हैं। शहर और जिले सहित उज्जैन संभाग के अन्य जिलों में भी 27 व 28 नवंबर को कहीं-कहीं मावठा गिरने की स्थितियां बन सकती हैं। इसके बाद बर्फीली तेज सर्द हवा आना शुरू हो जाएगी, जिससे नवंबर के आखिरी दिनों के अलावा दिसंबर के पहले सप्ताह में तेजी से सर्दी बढ़ेगी। इधर मौसम विज्ञान केंद्र भोपाल ने बुधवार को शहर सहित उज्जैन जिले में मौसम शुष्क बना रहने का पूर्वानुमान लगाया है।