सीजन का सबसे ठंडा दिन, 8 दिन में 4.3 डिग्री कम हुआ तापमान
उज्जैन | उत्तर से आ रही बर्फीली सर्द हवा के कारण रात के अलावा अब दिन में भी सर्दी महसूस होने लगी है। शुक्रवार को इस सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। दिन में ठंडक का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पिछले 8 दिन के भीतर दिन के तापमान में 4.3 डिग्री सेल्सियस की कमी आई है।
उत्तर में हुई बर्फबारी के कारण शहर सहित आसपास के इलाकों में भी लगातार सर्द हवा चल रही है। हल्के बादल छाए होने की वजह से दिन के तापमान में भी कमी आने के कारण ठंडक का असर बढ़ा है। शुक्रवार को दिनभर 2 से 4 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से सर्द हवा चलती रही। इससे सुबह करीब 11 बजे तक भी लोगों को ठंडक महसूस होती रही। बीते 24 घंटों के भीतर भी दिन के तापमान में भी 0.9 डिग्री सेल्सियस की कमी आई। जिसने मौसम में ठंडक के असर को आैर बढ़ा दिया। शुक्रवार को दिन का अधिकतम तापमान 28.7 डिग्री सेल्सियस रहा।