मतदान दल की रवानगी शुरू हुई
उज्जैन जिले की सात विधानसभा सीट उज्जैन उत्तर, दक्षिण, बड़नगर, घट्टिया, महिदपुर, नागदा और तराना में 17 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। इसके लिए गुरुवार को इंजीनियरिंग कॉलेज से मतदान दल सुबह से ही रवाना होना शुरू हो गए।
जिले की सातों विधानसभा क्षेत्रों के वितरण केंद्र में मतदान दलों को सामग्री वितरित की जा रही है। नगर निगम आयुक्त रोशन कुमार सिंह, सीईओ जिला पंचायत मृणाल मीना ने सामग्री वितरण का निरीक्षण किया। कुछ महिलाएं अपने बच्चों के साथ ड्यूटी पर पहुंची हैं। कई ऐसे भी कर्मचारी हैं, जो अपनी ड्यूटी कैंसिल कराना चाह रहे हैं।
जिले में 1532989 मतदाता मतदान कर प्रदेश सरकार बनाने में अपनी भूमिका निभाएंगे। प्रचार थमने के बाद अब मतदान दल अपनी सामग्री लेकर मतदान केंद्रों के लिए निकले हैं। जिले में कुल 1824 मतदान केंद्र बनाए गए है। जिसमें आदर्श मतदान केंद्र कुल 68 होंगे। ख़ास बात ये कि 464 मतदान केन्द्रो का जिम्मा सिर्फ महिला को दिया गया है।
सुबह से ही मतदान केंद्रों पर जाने से पहले सामग्री लेने वालों की भीड़ दिखाई दी। इसके लिए 8040 कर्मचारी की ड्यूटी लगाई गई है। इसमें बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल रहीं। रिजर्व दल में भी बड़ी संख्या में महिलाओं को रखा गया है। उज्जैन की एक शिक्षिका अपने 6 माह के बच्चे को लेकर पहुंचीं।