नई दिल्ली की सुश्री देबस्मिता ठाकुर का आज से उज्जैन में भरतनाट्यम
उज्जैन। स्पीक मैके एक ऐसी संस्था है जो शास्त्रीय कलाओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सांस्कृतिक नगरी उज्जैन में विगत कई वर्षों से शास्त्रीय कलाओं को युवाओं में लोकप्रिय बनाने का कार्य स्पीक मैके द्वारा किया जा रहा है।
स्पीक मैके के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष उज्जैन के पंकज अग्रवाल ने बताया कि आईओसीएल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित नृत्य कार्यशाला प्रदर्शनों के क्रम में देश की ख्यातनाम नृत्यांगना नई दिल्ली की सुश्री देबस्मिता ठाकुर शासकीय विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को भरतनाट्यम नृत्य की बारीकियों से परिचित कराएंगी। देबस्मिता ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा 3 वर्ष की अल्पायु से गुरु श्रीमती दीपाली के सानिध्य में ली है। तत्पश्चात पद्म भूषण गुरु सरोजा वैद्यनाथन से प्राप्त की। सुश्री देबस्मिता विद्यार्थियों को भरतनाट्यम की परंपरा के प्रति आकर्षित करने के लिए उज्जैन में मंगलवार से सप्ताहांत तक अपने नृत्य की प्रस्तुतियां भी देंगी। 10 अक्टूबर को वे दोपहर 1.30 बजे सीएम राइस शासकीय प्राथमिक विद्यालय ग्राम दाऊद खेड़ी एवं 3.30 बजे शासकीय नूतन कन्या माध्यमिक विद्यालय इंदिरा नगर में प्रस्तुति देंगी।