ग्राम सुरासा में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच चले हथियार, फायरिंग भी
चिमनगंज मंडी थाना क्षेत्र के ग्राम सुरासा में बुधवार रात काे दो पक्षों में जमीन को लेकर विवाद हो गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी, सरिया और तलवार से हमला कर दिया। विवाद के दौरान एक पक्ष ने बंदूक से गोली भी चला दी। पुलिस ने बंदूक जब्त की है।पुलिस ने बताया ग्राम सुरासा में निवासी लालसिंह और भगवान सिंह आंजना पड़ोसी हैं। दोनों के बीच जमीन और पानी को लेकर विवाद है। इसे लेकर बुधवार को लालसिंह और भगवान सिंह के बीच विवाद हो गया। इसमें दोनों के परिवार के लोग भी आ गए। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर तलवार, लाठी व सरिए से हमला कर दिया। इसमें आधा दर्जन लोग घायल हो गए। पुलिस ने लालसिंह पुत्र सेवाराम की शिकायत पर भगवान सिंह, मानसिंह, रीना सहित चार-पांच अन्य लोगों के खिलाफ मारपीट का केस दर्ज किया है।
बंदूक से किए फायर
आरोप है कि भगवानसिंह ने बंदूक से फायर किए हैं। वहीं लालसिंह पर बंदूक की बट से भी हमला किया था। इसी प्रकार भगवानसिंह की शिकायत पर पुलिस ने लालसिंह सहित सेवाराम, कमलसिंह, लोकेश सिंह, अभिषेक सिंह, संदीपक, भेरू, विजय और किशोर सहित अन्य लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस ने मामले में बंदूक भी जब्त की है।