top header advertisement
Home - उज्जैन << उज्जैन में महाकाल विस्तारीकरण प्रोजेक्ट का दूसरा चरण गुरुवार से शुरू हो जाएगा।

उज्जैन में महाकाल विस्तारीकरण प्रोजेक्ट का दूसरा चरण गुरुवार से शुरू हो जाएगा।


उज्जैन में महाकाल विस्तारीकरण प्रोजेक्ट का दूसरा चरण गुरुवार से शुरू हो जाएगा। इसके तहत 755 करोड़ रुपए की लागत से काम किए जाएंगे। मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव की आचार संहिता लगने से पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान गुरुवार शाम फेज-2 के तहत होने वाले कार्यों का लोकार्पण करेंगे। हाईटेक अन्न क्षेत्र, धर्मशाला, पार्किंग समेत कई कार्य शामिल हैं। कई अधूरे कामों का भी लोकार्पण किया जाएगा।

महाकाल मंदिर विस्तारीकरण प्रोजेक्ट के तहत पहले चरण का काम पूरा हो चुका है। इसके बाद दूसरे चरण में काम होना है। दूसरे चरण की शुरुआत के लिए महाकाल मंदिर के पीछे स्थित रुद्रसागर शिखर दर्शन स्थल पर करीब कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। इसमें आतिशबाजी की जाएगी। साथ ही लोक कलाकार सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति देंगे।

सीएम शिवराज सिंह गुरुवार शाम 7 बजे आएंगे। यहां नीलकंठ वन का भी लोकार्पण करेंगे। वे करीब 3.30 घंटे तक मंदिर परिसर में रहकर शयन आरती के बाद भोपाल के लिए रवाना हो जाएंगे।

बेगमबाग मार्ग का नया नाम नीलकंठ मार्ग

महाकाल लोक परिसर में बेगम बाग वाले मार्ग को अब नीलकंठ मार्ग के नाम से जाना जाएगा। यहां नीलकंठ द्वार, नीलकंठ वन, हॉकर्स जोन, 500 वाहनों की पार्किंग का लोकार्पण किया जाएगा। इसके बाद महाकाल लोक के पार्किंग स्थल के पीछे निर्मित भव्य व आधुनिक मशीनों से सुसज्जित अन्नक्षेत्र का लोकार्पण होगा।

इसी तरह रुद्रसागर आर-22 मार्ग, अनुभूति वन, महाराजवाड़ा के फैसेलिटी बगीचा, तपोवन, ध्यान कुटी, रुद्रसागर शिखर दर्शन, मंदिर परिसर में निर्मित टनल, दर्शनार्थी वेटिंग हाल, आपातकालीन व निर्गम द्वार के साथ ही विकास प्राधिकरण के माध्यम से निर्मित होने वाले यूनिटी माल निर्माण की आधारशीला रखी जाएगी।

शिखर दर्शन छत पर ही होंगे लोकार्पण कार्यक्रम

मुख्यमंत्री महाकाल मंदिर के कोटि तीर्थ कुंड के पीछे पुराने प्रवचन हॉल के स्थान पर बनाई गई शिखर दर्शन छत पर ही कार्यों का लोकार्पण करेंगे। इसके बाद दीपक जलाकर आतिशबाजी की जाएगी। स्थानीय लोक कलाकार नृत्य, गायन, वादन की प्रस्तुति देंगे। कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए आकर्षक लाइटिंग लगाकर सजावट की जा रही है। वहीं, करीब दो किलोमीटर के मार्ग में भी कलाकार प्रस्तुति देंगे।

दूसरे चरण में 755.82 करोड़ के काम

श्री महाकाल महालोक के दूसरे चरण में 755.82 करोड़ के काम होना हैं। इनमें राशि 317.86 करोड़ स्मार्ट सिटी मिशन, राशि 44.50 करोड़ महाकालेश्वर प्रबंध समिति, राशि 22.50 करोड़ दानदाताओं से वित्त पोषित, राशि 209 करोड़ भारत सरकार से वित्त पोषित, राशि 161.96 करोड़ राज्य सरकार से मिला बजट शामिल हैं।

इन कार्यों का होगा लोकार्पण

  • 22 करोड़- हाईटेक अन्नक्षेत्र राशि
  • 28.08 करोड़- महाराजवाड़ परिसर का उन्नयन व हेरिटेज धर्मशाला
  • 39.87 करोड़- महाराजवाड़ा बेसमेंट पार्किंग व वेंडर क्षेत्र राशि
  • 22.36 करोड़- नीलकंठ वन मार्ग का विकास
  • 6.95 करोड़- नीलकंठ वन का विकास
  • 21.52 करोड़- रुद्र सागर पुनरुद्धार व छोटा रुद्रसागर लेकफ्रंट
  • 16.10 करोड़- मंदिर के दोनों ओर से शिखर दर्शन
  • 6.73 करोड़- आपातकालीन प्रवेश व निर्गम मार्ग
  • 11.09 करोड़ - हरिफाटक मेघदूत वन पार्किंग त्रिवेणी
  • 33.27 करोड़ - चारधाम-हरसिद्धि मार्ग
  • 33 करोड़- मंदिर पहुंचने के लिए चार सुगम मार्ग
  • 15 करोड़- महाकाल मंदिर में भूमिगत प्रतीक्षालय
  • 4.50 करोड़- महाकाल मंदिर के आंतरिक परिसर का विकास

ये काम भी किए जाएंगे

अनुभूति वन, चिंतन वन और ध्यान केंद्र, ओपन एयर थिएटर, पर्यटकों के लिए बैठने की व्यवस्था, छोटा रूद्रसागर वैदिक वाटिका, चार ध्यान कुटी, छायादार विश्राम व्यवस्था, रुद्रसागर शिखर दर्शन परियोजना, अन्न क्षेत्र एवं प्रवचन हॉल को हटाकर वैदिक आधारित लैंडस्केपिंग कर शिखर दर्शन को सुगम बनाया है। इसका क्षेत्रफल 52 हजार वर्ग फीट है। नीचे की ओर पुजारी कक्ष, विशिष्ट अतिथि कक्ष, भोग सामग्री, रसोई कक्ष और मीडिया कक्ष रहेगा। कार्य की लागत 16.10 करोड़ है

Leave a reply