मां और पत्नी पर हथौड़ी से हमला कर भागे युवक ने फांसी लगाकर की खुदकुशी
शराब के नशे में बुधवार रात को राजीव नगर निवासी युवक पत्नी व मां के सिर पर हथौड़ी से वार कर भाग गया था। इसके बाद से वह लापता था। शुक्रवार को उसका शव पांड्याखेड़ी में पेड़ से लटका मिला था। मृतक ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली।
चिमनगंज पुलिस ने बताया कि राजीव नगर निवासी सुरेश वर्मा शराब पीने का आदी था। बुधवार रात को वह शराब के नशे में घर पहुंचा था। जहां वह पत्नी काैशल्याबाई से विवाद कर रहा था। शोर सुनकर मां श्यामूबाई समझाइश देने के लिए गई तो वह मां से भी विवाद करने लगा। इसी दौरान उसने हथौड़ी उठाकर मां व पत्नी पर हमला कर दिया था। जिससे दोनों के सिरों में गंभीर चोट लगी थी। हमले के बाद वह भाग निकला था।
पटरी के समीप पेड़ पर मिला शव
शुक्रवार को उसका शव पांड्याखेड़ी में पटरी के समीप पेड़ पर लटका मिला था। एक यात्री की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। उसकी जेब से मिले मोबाइल के आधार पर मृतक की शिनाख्त सुरेश के रूप में हुई थी। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। आशंका है कि पत्नी व मां पर हमले के बाद नशे में ही उसने फांसी लगा ली होगी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।