उज्जैन के महाकाल मंदिर में उमा सांझी महोत्सव की 10 अक्टूबर से होगी शुरुआत
विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर में धर्म, संस्कृति व लोककला का महापर्व उमा सांझी महोत्सव की शुरुआत 10 अक्टूबर से होगी। पांच दिवसीय आयोजन में मंदिर के सभा मंडप में धार्मिक झांकियां तथा सांझी सजाई जाएगी। भगवान महाकाल मनमहेश रूप में कोटि तीर्थ कुंड में नौका विहार करेंगे। प्रतिदिन शाम को लोक कलाकार गीत, संगीत व नृत्य की प्रस्तुति देंगे। ग्वालियर के ढोली बुआ नारदीय संकीर्तन से भक्तों को हरि कथा सुनाएंगे।पीआरओ गौरी जोशी ने बताया ज्योतिर्लिंग की परंपरा अनुसार अश्विन कृष्ण एकादशी से अमावस्या तक पांच दिन उमा सांझी महोत्सव मनाया जाता है। इस बार यह आयोजन 10 से 14 अक्टूबर तक मनाया जाएगा। 10 अक्टूबर को सुबह घट स्थापना तथा शाम को वसंत पूजा की जाएगी। पांच दिन तक मंदिर के पुजारी, पुरोहित सभा मंडप में रंगोली के रंग से किला कोट, रंग महल, उमा महल आदि की सांझी सजाएंगे। साथ ही शिव पार्वती के विभिन्न स्वरूपों की झांकी सजेगी।भगवान महाकाल मनमहेश, उमा महेश, जटाशंकर आदि रूपों में कोटितीर्थ कुंड में नौका विहार करेंगे। प्रतिदिन शाम 7 बजे सांस्कृतिक सांझ का आयोजन होगा। इसमें स्थानीय लोक कलाकार गीत, संगीत व नृत्य की प्रस्तुति देंगे। अमावस्या पर रात्रि जागरण के साथ उत्सव का समापन होगा। इसके बाद माता पार्वती अश्विन शुल्क द्वितीया जिसे चंद्र दर्शन की दूज कहा जाता है, उस दिन रजत पालकी में सवार होकर सांझी विसर्जित करने शिप्रा तट जाएंगी।a