top header advertisement
Home - उज्जैन << खून से सने कपड़े में 8 किमी तक चली दुष्कर्म पीड़िता, संदिग्ध ऑटो ड्राइवर हिरासत में, DNA की होगी जांच

खून से सने कपड़े में 8 किमी तक चली दुष्कर्म पीड़िता, संदिग्ध ऑटो ड्राइवर हिरासत में, DNA की होगी जांच


शहर में 12 वर्षीय लड़की के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना सोमवार शाम की है। इस मामले में पुलिस ने संदिग्ध ऑटो ड्राइवर को हिरासत में लिया है। पुलिस फोरेंसिक जांच के साथ ही डीएनए जांच भी करवा रही है। इस आधार पर तय होगा कि संदिग्ध ड्राइवर दुष्कर्म का आरोपित है अथवा नहीं। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर ड्राइवर को संदिग्ध माना है। बुधवार को कांग्रेस ने भाजपा सरकार को घेरा।सोमवार शाम को बड़नगर रोड पर मुरलीपुरा से आगे दांडी आश्रम के पास 12 वर्षीय बालिका मिली थी। मासूम के कपड़े खून से सने थे। वह कुछ भी बताने में समर्थ नहीं थी। इलाज के लिए उसे चरक अस्पताल में भर्ती कराया था। पांच डाक्टरों ने बालिका का इलाज किया था। जांच में सामने आया कि बालिका के साथ दुष्कर्म उसके मिलने से 24 घंटे पहले हुआ है।देर रात मासूम की हालत खराब होने पर उसे इलाज के लिए इंदौर रेफर किया था। उसकी हालत अब खतरे से बाहर है। बालिका कहां रहती है, इसका पता अब तक पुलिस को नहीं चल पाया है। बालिका यह नहीं बता पा रही है कि वह उज्जैन कब और कैसे आई थी। बालिका की मां के बारे में भी पुलिस को कुछ जानकारी नहीं मिली है। पीड़िता तिरुपति ड्रीम्स कालोनी व हाटकेश्वर विहार कालोनी में करीब ढाई घंटे तक पैदल घूमती रही थी। वह पैदल ही आठ किलोमीटर दूर बड़नगर रोड पर दांडी आश्रम के समीप पहुंची थी।बालिका के साथ दुष्कर्म किए जाने की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले थे। इस आधार पर पुलिस के हाथ एक आटो का नंबर मिला था। इस आधार पर पुलिस ने नीलगंगा थाना क्षेत्र के शांति नगर निवासी राकेश नामक आटो चालक को हिरासत में लिया है। राकेश मक्सी रोड स्थित गांव का रहने वाला है। शांति नगर में वह व अपनी बुआ के यहां पांच साल से रहता है। उसकी पत्नी का निधन हो गया है। उसकी पुत्री नाना-नानी के यहां रहती है।पुलिस संदिग्ध की डीएनए जांच भी करवा रही है। इसकी रिपोर्ट से स्पष्ट होगा की संदिग्ध राकेश दुष्कर्म का आरोपित है अथवा नहीं। लोगों ने बताया कि राकेश को पुलिस पकड़कर ले गई है। बुधवार देर शाम को पुलिस ने चालक के घर पर दबिश देकर कपड़े व कुछ सामान बरामद किया है।उज्जैन में हुई 12 साल की बालिका से दुष्कर्म के मामले में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने ट्वीट किया है। इसमें लिखा है कि मप्र में 12 साल की बच्ची के साथ हुआ भयावह अपराध भारत माता के हृदय पर आघात है। महिलाओं के खिलाफ अपराध और नाबालिग बच्चियों के खिलाफ हुए दुष्कर्म की संख्या सबसे ज्यादा मप्र में है।

Leave a reply