top header advertisement
Home - उज्जैन << शिवराज बोले-जलने वाले जलते रहें, हम रुकेंगे नहींं

शिवराज बोले-जलने वाले जलते रहें, हम रुकेंगे नहींं


उज्जैन पहुंचे सीएम शिवराज सिंह चौहान ने करोड़ों रुपए के विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और पूर्व सीएम कमलनाथ पर जमकर निशाना साधा। सीएम ने कहा- कांग्रेसी परेशान है। महाकाल महालोक में आरोप लगा दिया। रोने लगे मूर्ति गिर गई। शर्म नहीं आती महाकाल के नाम पर राजनीति करते हुए। महाकाल महाराज के यहां गड़बड़ करने वालों को महाकाल स्वयं ही भस्म कर देंगे।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि 'जलने वाले जलते रहे, हम रुकेंगे नहीं'। उन्होंने कहा, 'कांग्रेस के जमाने में कमलनाथ से 25-50 हजार का भी काम मांग लो तो वे रोते रहते थे। कहते थे कि मामा ले गया। अरे, मामा नहीं, औरंगजेब हो गया।' हमारे पास पैसों की कमी नहीं है। अब महाकाल लोक के दूसरे चरण के कार्यों का भी लोकार्पण भी धूमधाम से करेंगे।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शुक्रवार को अपने निर्धारित कार्यक्रम से करीब ढाई घंटे से देरी से पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले 500 करोड़ की लागत से 2250 कमरों वाले भक्त निवास का भूमिपूजन किया। साथ ही रोजगार दिवस पर 42 कलस्टर उद्योग का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। सीएम ने महाकाल के भक्तों की सुविधा के लिए 15 करोड़ की लागत से बनने वाले फैसिलिटी सेंटर की सौगात भी दी।

सीएम ने उज्जैन में आयोजित राज्य स्तरीय रोजगार दिवस कार्यक्रम में 554.89 करोड़ के 9 विकास कार्यों का शिलान्यास किया। वहीं 159.99 करोड़ की लागत के 7 कार्यों का लोकार्पण किया। लोकार्पण कार्यक्रम के बाद सीएम शिवराज ने सीधे माइक थामा। उन्होंने कहा कि मैं ज्यादा समय नहीं लूंगा। मुझे खंडवा और जबलपुर भी जाना है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लाड़ली बहनों को बुलाया गया था।

अन्न क्षेत्र के लोकार्पण-भूमि पूजन करने दोबारा यहां आऊंगा
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि महाकालेश्वर मंदिर के अन्न क्षेत्र के लोकार्पण और भूमिपूजन के लिए आचार संहिता से पहले दोबारा उज्जैन आऊंगा। महाकाल की नगरी को धर्म अध्यात्म के साथ एक बार फिर उद्योग केंद्र में भी हम बदलने जा रहे हैं। कई उद्योग इस नगरी में शुरू होने वाले हैं। कुछ शुरू हो चुके हैं। धर्म की नगरी उज्जैन की अर्थव्यवस्था को भक्तों ने बदल दिया है। 3000 करोड़ अतिरिक्त अब आने वाला है इस नगरी से, यह महाकाल महाराज की कृपा है।

15 दिन पहले सूखे के हालात थे, महाकाल महाराज की कृपा देखो
सीएम शिवराज ने कहा कि- आज से 15 दिन पहले सूखे के हालात थे। प्रदेश में महाकाल महाराज की कृपा देखो। मैं महाकाल महाराज की शरण में आया और उन्होंने संकट से पूरे प्रदेश को बचा लिया। मैं मुख्यमंत्री होने के बावजूद स्वीकार करता हूं कि प्रदेश में अगर महाकाल महाराज की कृपा नहीं बरसती तो हाहाकार मच जाता। बिजली नहीं बन पा रही थी। बांध खाली हो गए थे। मैं 9 करोड़ जनता की ओर से महाकाल महाराज को प्रणाम करता हूं।

सरकारी स्कूलों के छात्रों के लिए नीट में सीट करेंगे रिजर्व
सीएम शिवराज ने कहा कि NEET(नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट) एग्जाम में पास होने वाले प्राइवेट स्कूल के स्टूडेंट्स ज्यादा है। इसलिए अब सरकारी स्कूलों के छात्रों के लिए 5 प्रतिशत सीट आरक्षित की जाएगी। इससे सरकारी स्कूलों के छात्र-छात्राओं को भी मेडिकल की पढ़ाई के ज्यादा मौके मिलेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लगभग 3 लाख लोगों को आज रोजगार दिवस पर काम के लिए उज्जैन से हम लोन दिलवा रहे हैं। जो जमीन हम माफियाओं से छुड़ा रहे हैं। लगातार उस पर गरीब लोगों के रहने के लिए व्यवस्था करेंगे।

Leave a reply