बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बना
बंगाल की खाड़ी में फिर से कम दबाव का क्षेत्र बनने के बाद बारिश की स्थितियां बनने लगी हैं। इसका असर गुरुवार को शहर के मौसम में भी दिखाई देना शुरू हो गया। सुबह तेज धूप निकली लेकिन दोपहर बाद घने बादलों ने आसमान में डेरा डाल दिया। इधर, मौसम विभाग ने शुक्रवार को जिले में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया है।
शहर में गुरुवार को हवा की रफ्तार कमजोर पड़ गई। दिनभर केवल 2 से 4 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलती रही। दिन में तापमान भी 0.8 डिग्री सेल्सियस बढ़ गया। इससे दिनभर लोग गर्मी और उमस से परेशान होते रहे। गुरुवार को शहर का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो कि सामान्य औसत तापमान से 1.2 डिग्री सेल्सियस अधिक है।
रात में भी तापमान 1.4 डिग्री सेल्सियस बढ़ गया। इससे रात में भी लोगों को गर्मी और उमस से जूझना पड़ा। बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो कि सामान्य औसत तापमान से 3.1 डिग्री सेल्सियस अधिक है। बंगाल की खाड़ी में हैवी लो प्रेशर एरिया सक्रिय होने और एक ट्रफ लाइन गुजरने के कारण प्रदेश के कई जिलों में शुक्रवार को भारी बारिश का अलर्ट भी जारी किया है।
हालांकि शुक्रवार को उज्जैन जिले में कहीं-कहीं हल्की और मध्यम बारिश होने के ही आसार हैं। इस मानसून सीजन में अब तक शहर में 1083 मिमी और जिले में कुल औसत 923.9 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है, जो कि औसत से अधिक है। इससे राहत है।