कांग्रेस की जन आक्रोश यात्रा 26 को
मंदसौर से शुरू हुई जन आक्रोश यात्रा 26 सितंबर को उज्जैन पहुंचेगी। यहां उज्जैन उत्तर विधानसभा क्षेत्र में गोपाल मंदिर क्षेत्र में और दक्षिण विधानसभा में टावर पर नुक्कड़ सभा होगी। ये जानकारी बुधवार को शहर कांग्रेस अध्यक्ष रवि भदौरिया ने दी। वे यात्रा की तैयारियों को लेकर शाम चार बजे सभी ब्लॉक अध्यक्ष और वरिष्ठजनों की बैठक ले रहे थे।
भदौरिया ने बताया कि शहर में यात्रा को सफल बनाने के लिए प्रभारी नियुक्त किए जाएंगे। ये प्रभारी ब्लॉक अध्यक्षों के साथ बैठक करेंगे। बैठकों का ये दौर मंडलम व सेक्टरों तक चलेगा। प्रत्येक ब्लॉक में यात्रा एवं कांग्रेस की योजनाओं से जुड़े पर्चे वितरित किए जाएंगे। यात्रा में चौपहिया व दोपहिया वाहनों का काफिला भी रहेगा।
भदौरिया ने कहा कि दोनों विधानसभाओं में होने वाली नुक्कड़ सभाओं के लिए भी हमें अभी से जुटना हैं। कांग्रेस की सरकार बनने पर पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ जी ने अपने वचन पत्र में जिन योजनाओं के बारे में बताया हैं उन्हें जनता के बीच रखना हैं।
जैसे कि कांग्रेस की सरकार बनने पर प्रत्येक महिला को 1500 रुपए, 500 रुपए में गैस सिलेंडर, 100 यूनिट तक बिजली माफ आदि। बैठक में अजीत सिंह, माया त्रिवेदी, विवेक यादव, अशोक भाटी, रवि राय, चेतन यादव, सपना सांखला, देवव्रत यादव, अभिषेक लाला आदि मौजूद थे।