शिप्रा किनारे रामघाट पर अब महाकाल सवारी पूजन स्थल बनेगा!
भगवान महाकाल की सवारी के पूजन के लिए रामघाट पर विशेष पूजन स्थल बनाने पर मंथन शुरू हो गया है ताकि घाट पर पूजन व्यवस्था ऐसी हो, जिससे दर्शन भी आसानी से हो सके। नगर निगम द्वारा स्मार्टसिटी को द्वार बनाने का प्रोजेक्ट दिया जा चुका है, लेकिन अफसरों की सुस्ती से यह भी तैयार नहीं हो सका है।
सोमवार को शाही सवारी के दौरान रामघाट पर अत्यधिक भीड़ होने के कारण व्यवस्थाओं में सुधार को लेकर चिंतन का दौर शुरू हो गया है। महापौर मुकेश टटवाल ने बताया रामघाट पर सुंदर द्वार बनाने के लिए स्मार्ट सिटी को प्रोजेक्ट दे चुके हैं। पूजन स्थल को भी विकसित करने पर विचार कर रहे हैं। इसकी ऊंचाई बढ़ाकर आसपास बैठने की व्यवस्था की जा सकती है। इससे पूजन के दौरान श्रद्धालुओं को दर्शन भी अच्छे से हो सकते हैं।
रामघाट पर भीड़ नियंत्रण के लिए भी वे प्रशासन को सुझाव देंगे। सोमवार को घाट पर पूजन करने पहुंचे केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को भी अव्यवस्था का शिकार होना पड़ा था। जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट ने अधिकारियों पर नाराजी भी जताई थी।
पूर्व विधायक राजेंद्र भारती ने बताया केंद्रीय मंत्री सिंधिया की उपस्थिति में के घाट पर पालकी आगमन के समय व्यवस्था बिगड़ी थी। इसके लिए बैरिकेडिंग की व्यवस्था ठीक की जाना चाहिए। अभी सिंहस्थ वाले ऊंचे बैरिकेड लगाए जाते हैं। इससे कई परेशानियां आती हैं। इनकी जगह फोल्डिंग बैरिकेड्स लगाए जा सकते हैं। साथ ही पूजन के समय सीमित और अनुमति प्राप्त लोगों का ही प्रवेश होना चाहिए।