UP के सीएम योगी आदित्यनाथ बुधवार को आएंगे
श्री महाकालेश्वर मंदिर में बाबा महाकाल के दर्शन करने के लिए बुधवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहुंचेगें। भगवान महाकाल के दर्शन पूजन के बाद वे नाथ सम्प्रदाय के प्रमुख स्थान श्री भर्तृहरि गुफा भी जाएंगे। यहां पर गुरू गोरखनाथ के दर्शन पूजन करने का कार्यक्रम है। उनके आने के पहले ही सुरक्षा एजेंसी के सदस्यों ने श्री महाकालेश्वर मंदिर और भर्तृहरि गुफा पहुंचकर तैयारी शुरू कर दी है।
उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री बनने के बाद योगी आदित्यनाथ पहली बार उज्जैन आकर बाबा महाकाल के दर्शन करेंगे। योगी आदित्यनाथ अखिल भारतीय भेष बारह पंथ नाथ संप्रदाय के अध्यक्ष भी है। भर्तृहरि गुफा के पीर महंत रामनाथ महाराज ने बताया कि योगी आदित्यनाथ हेलिकाप्टर से करीब 11 बजे उज्जैन पहुंचकर सबसे पहले श्री महाकालेश्वर मंदिर जाकर भगवान महाकाल का पूजन करेंगे। इसके बाद भर्तृहरि गुफा आएंगे। यहां पर परंपरा अनुसार 101 बटुकों के मंत्रोच्चार के बीच रुद्राक्ष एवं मोतियों की मालाएं से स्वागत किया जाएगा तथा पीतल का त्रिशूल भेंट किया जाएगा। वे यहां गुरू गोरक्षनाथ, राजा भर्तृहरि और गोपीचंद महाराज की तपस्या स्थली के दर्शन करेंगे। साथ गोशाला जाकर गाय माता की सेवा करेगें। रामनाथ महाराज ने बताया कि योगी आदित्यनाथ के उज्जैन आगमन की सूचना नाथ संप्रदाय के मुख्यालय गोरखपुर से स्थानीय मठ भर्तृहरि गुफा में प्राप्त हो चुकी है। मुख्यमंत्री योगी को जेड प्लस सुरक्षा होने से मुख्यमंत्री के आगमन से पूर्व सुरक्षा एजेंसियां भी यहां पहुंच गई है।