राष्ट्रीय पुस्तक न्यास द्वारा छह दिवसीय पुस्तक मेला शुरु
उज्जैन : राष्ट्रीय पुस्तक न्यास, भारत (शिक्षा मंत्रालय) और जिला प्रशासन, उज्जैन के संयुक्त तत्वावधान में और मध्य प्रदेश हिंदी ग्रंथ अकादमी, भोपाल, विक्रम विश्वविद्यालय, महर्षि पाणिनि संस्कृत एवं वैदिक विश्वविद्यालय एवं अवंतिका विश्वविद्यालय के सहयोग से उज्जैन पुस्तक मेले का आयोजन 1 से 6 सितम्बर तक दशहरा मैदान में किया जाएगा।
इस पुस्तक मेले में लगभग 30 जाने माने प्रकाशकों द्वारा हिंदी, अंग्रेजी, मालवी, संस्कृत एवं अन्य भारतीय भाषाओँ में प्रकाशित हज़ारों उत्कृष्ट पुस्तकें विक्रय हेतु उपलब्ध होंगी। इसके अलावा सभी आयु वर्ग के पाठकों के लिए लोकोपयोगी विज्ञान, लोकप्रिय सामाजिक विज्ञान, राष्ट्रीय व आत्म जीवनचरित, लोक-संस्कृति, भारतीय एवं विश्व साहित्य जैसे विषयों पर और प्रतियोगी परीक्षाओं हेतु सहयोगी पुस्तकें भी मौजूद होंगी। प्रतिदिन साहित्यिक, सांस्कृतिक और बच्चों के लिए अनेक कार्यशालाओं व प्रतियोगिताओं का भी आयोजन होगा।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत न्यास द्वारा बच्चों के लिए प्रकाशित द्विभाषी पुस्तकों के साथ-साथ नई शृंखला इंडिया भी मेले में उपलब्ध की जाएंगी जो पाठकों को हमारे स्वतंत्रता सैनानियों के जीवन और संघर्षो से परिचित कराती है। साथ ही प्रतिष्ठित पीएम युवा योजना के तहत प्रकाशित पुस्तकें भी उपलब्ध होंगी। मेले का समय प्रतिदिन प्रात: 11 बजे से रात्रि 8 बजे तक होगा। सभी के लिए किताबों पर न्यूनतम 10 प्रतिशत की छूट होगी।