मंडी व्यापारियों की हड़ताल शुरू
कृषि उपज मंडी के व्यापारियों ने लीज रेंट का नवीनीकरण पुरानी शर्तो पर करने की मांग को लेकर गुरूवार से अनिश्चितकालिन हड़ताल शुरू कर दी है। हड़ताल का निर्णय लेने के बाद बुधवार को मंड़ी में आए किसानों को मंडी बंद की सूचना किसान सहायता केंद्र के माइक से दी गई थी। मंडी व्यापारी संघ के मीडिया प्रभारी राजेंद्र राठौर ने बताया कि मंडी के 250 से अधिक व्यापारियों के पास 20 बाय 40 और 30 बाय 100 के प्लाट 99 वर्ष की लीज पर है। प्लाट पर 30 वर्ष में रिनीवल होना था। व्यापारियों ने इन्ही प्लाट पर अपने गोदाम निर्माण करा रखे है। मंडी बोर्ड अब इन प्लाट पर नया अधिनियम 2009 के तहत किराएदार के रूप में अनुबंध कर प्लाट का आंवटन करना चाह रहा है। इसके कारण लीज रेंट बढ़ जाएगा। व्यापारियों का कहना है कि नए अधिनियम के तहत नई मंडियों में प्लाट का आंवटन किया जाना चाहिए। पहले से कार्यरत मंडियों में लीज पर दिए गए प्लाट का लीज रेंट नवीनीकरण पुराने नियमों के तहत ही होना चाहिए। व्यापारी मुकेश हरभजनका ने कहा कि समस्या का हल नही होने तक हड़ताल जारी रहेगी। इस संबंध में हमारी महासंघ से भी चर्चा चल रही है। इधर व्यापारियों की मांग के संबंध में मध्यप्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड भोपाल को भी अवगत करा दिया है। इसके बाद गुरूवार को ही मंडी व्यापारियों का प्रतिनिधि मंडल बोर्ड के अधिकारियों से चर्चा के लिए रवाना हुआ है। इसके पहले व्यापारियों ने मंडी बोर्ड के प्रबंध संचालक के नाम ज्ञापन भी दिया है।