अखिल भारतीय पुजारी महासंघ देश में 101 पुजारी गादी की स्थापना करेगा
उज्जैन। पुजारियों के हितों के लिए प्रतिबद्ध अखिल भारतीय पुजारी महासंघ की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक आगर रोड राजेंद्र नगर स्थित केंद्रीय कार्यालय पर राष्ट्रीय अध्यक्ष महेश पुजारी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में उज्जैन सहित इंदौर, देवास, रतलाम, नीमच, धार, झाबुआ, बुरहानपुर सहित प्रदेश व अन्य राज्यों के पदाधिकारी एवं सदस्यगण उपस्थित हुए। यह जानकारी देते हुए महासंघ के प्रदेश सचिव रूपेश मेहता ने बताया बैठक में संगठन को विस्तार देने के साथ पुजारियों को संगठित करने के लिए आगामी गतिविधियों को लेकर चर्चा करने के बाद निर्णय लिया गया कि पुजारी महासंघ देश में 101 पुजारी गादी की स्थापना करेगा और सभी पुजारी गादीपति मिलकर 11 पुजारी महामंडलेश्वर बनाएंगे तथा सभी पुजारी महामंडलेश्वर मिलकर एक आचार्य पुजारी महामंडलेश्वर को नियुक्त करेंगे जो कि देश में पुजारी महासंघ की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के साथ मिलकर सरकार के साथ पुजारियों एवं किसी भी धार्मिक मामलों में चर्चा कर सकेंगे। इसी क्रम में प्रथम पुजारीगादी श्री महाकालेश्वर मंदिर में स्थापित हैं जिसमें भस्मारती करने वाले पुजारी उस गादी के प्रमुख होते हैं। दूसरी गादी की स्थापना पिछले दिनों देवास जिले में मदनी हनुमान मंदिर पर कर पुजारी बाबूलाल पिता जगन्नाथ को गादीपति पुजारी की मान्यता प्रदान की गई। आगे भी इसी प्रकार पुजारीगादी की स्थापना की जाएगी। बैठक में राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सचिव मनोज जोशी, सहसचिव महेश शर्मा पेंटर, प्रदेश कार्यकारिणी के अध्यक्ष पंकज जोशी, उपाध्यक्ष मुकेश शर्मा, सहसचिव बृजमोहन शर्मा, सहसंगठन मंत्री प्रेमदास बैरागी बोडानी, रतलाम जिलाध्यक्ष मुकेश शर्मा, देवास जिलाध्यक्ष प्रेमदास बैरागी, उज्जैन नगर से ब्रह्मऋषि जय गुरु मार्कण्डेश्वर, घनश्याम दीक्षित, संतोष शर्मा आदि उपस्थित रहे।