सोयाबीन फसल के लिये कृषि विभाग के अधिकारियों की किसानों को उचित सलाह
उज्जैन 16 अगस्त। जिले में सोयाबीन की फसल पर कीट एवं रोगों का हल्का असर देखा
जा रहा है। कृषकों को सलाह है कि जहाँ-जहाँ पर जल भराव की स्थिती उत्पन्न हो रही है वहाँ पर
खेत से जल निकास की उचित व्यवस्था किसान करें। साथ ही किसान अपनी फसल की सतत
निगरानी करते रहें एवं किसी भी कीट या रोग के प्रारंभिक लक्षण दिखते ही निम्नानुसार नियंत्रण के
उपाय अपनायें। इस सम्बन्ध में भारतीय सोयाबीन अनुसंधान संस्थान इन्दौर की अनुशंसा के आधार
पर कृषि विभाग के अधिकारियों द्वारा किसानों को उचित सलाह दी है।
कृषि विभाग के उप संचालक ने यह जानकारी देते हुए बताया कि पीला मोजेक रोग के
नियंत्रण हेतु सलाह है कि तत्काल रोगग्रस्त पौधों को खेत से उखाड़कर निष्कासित कर तथा इन रोगों
को फैलाने वाले वाहक सफेद मक्खी की रोकथाम हेतु पूर्वमिश्रित कीटनाशक थायोमिथोक्सम+लेम्डा
सायलोथ्रिम (125 मिली/हे.) या बीटासायफ्लोथ्रिन+इमिडाक्लोप्रिड (350 मिली/हे.) का छिड़काव करें।
इनके छिड़काव से तना मक्खी का भी नियंत्रण किया जा सकता है। साथ ही यह भी सलाह है कि
सफेद मक्खी के नियंत्रण हेतु किसान भाई अपने खेत में विभिन्न स्थानों पर पीला स्टिकी ट्रैप लगाएं।
लगातार बारिश होने वाले क्षेत्रों में एन्थ्राक्रोज नामक फंफूदजनीक रोग के लक्षण दिखाई देने
पर किसान भाईयों को सलाह है कि इसके नियंत्रण हेतु टेबूकोनाजोल 25.9 ईसी (625 मिली/हे.) या
टेबूकोनाझोल 10 प्रतिशत+सल्फर 65प्रतिशत डब्ल्यूजी (1250 ग्राम/हे) जैसे अनुशंसित फफूंदनाशकों
का अपने फसल पर छिडकाव करें!