पीपुल्स फॉर एनीमल संस्था इंदौर ने सवारी में हाथी के उपयोग को जन सुरक्षा के हिसाब से जोखिम भरा बताया
विश्व प्रसिद्ध महाकाल मंदिर की निकलने वाली सवारी में हाथी के उपयोग और महावत द्वारा क्रूरता पूर्वक हाथी को कील मारने को लेकर पीपुल्स फॉर एनीमल संस्था इंदौर ने उज्जैन कलेक्टर सहित प्रमुख सचिव और जीव जंतु कल्याण के सेक्रेटरी को मेल पर एक शिकायत दर्ज कराई है। सवारी में हाथी के उपयोग को भी जन सुरक्षा के हिसाब से जोखिम भरा बताया है।
प्रतिवर्ष श्रावण भादौ माह में निकलने वाली भगवान महाकाल की सवारी में पालकी के पीछे परम्परागत रूप से हाथी चलते है। जिस पर भगवान शिव के मुखारविंद शामिल होते है। श्रावण माह की पांचवी सवारी में हाथी पर मन महेश के रूप में भगवान ने दर्शन दिए थे। इसका एक वीडियो वायरल होने के बाद इंदौर की पीपुल्स फॉर एनीमल संस्था की प्रियांशु जैन ने मेल पर उज्जैन एसपी सचिन शर्मा, कलेक्टर कुमार पुरषोत्तम,जीव जंतु कल्याण बोर्ड के सेक्रेटरी सहित मध्य प्रदेश के चीफ सेक्रेटरी को मेल पर एक शिकायती पत्र लिखा है। जिसमें सवारी के दौरान महावत द्वार लकड़ी में कील लगाकर हाथी को बार बार उससे मारने का जिक्र किया है। प्रियांशु जैन ने बताया कि जन सुरक्षा और वन्य प्राणी हाथी के साथ क्रूरता के मामले में कार्यवाही को लेकर मेल किया है एक दो दिन में उज्जैन कलेक्टर को ज्ञापन के माध्यम से भी अवगत कराया जाएगा।