भगवान महाकालेश्वर की तीसरी सवारी धूमधाम से निकली सभा मण्डप में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने सपत्निक चंद्रमौलेश्वर का पूजन किया
उज्जैन 24 जुलाई। भगवान महाकालेश्वर की तीसरी सवारी आज धूमधाम से निकाली गई।
सवारी निकलने के पूर्व मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने पत्नी श्रीमती साधना सिंह के साथ
विधि-विधान से भगवान चंद्रमौलेश्वर का पूजन-अर्चन किया एवं सवारी को आगे बढ़ाया। सवारी सभा
मण्डप से होकर महाकाल चौराहा एवं गुदरी चौराहा, रामानुजकोट होते हुए रामघाट पहुंची। मुख्यमंत्री
श्री शिवराज सिंह चौहान, पत्नी श्रीमती साधना सिंह सवारी मार्ग में सवारी के साथ पैदल चलकर
रामघाट तक पहुंचे। मार्ग में अन्य भक्तों के साथ मुख्यमंत्री भी शिवभक्ति में लीन नजर आये।
उन्होंने भजन मण्डलियों का साथ झांझ बजाकर दिया एवं जय महाकाल के नारे लगाये। मार्ग में बड़ी
संख्या में बाबा महाकाल की पालकी के दर्शन हेतु खड़े दर्शनार्थियों का एवं मार्ग के मकानों में रहने
वाले स्थाई निवासियों का अभिवादन मुख्यमंत्री श्री चौहान ने हाथ हिलाकर किया। लगभग 5 बजे
बाबा महाकाल की पालकी रामघाट पहुंची। यहां पर भगवान चंद्रमौलेश्वर के मां शिप्रा के जल से
अभिषेक एवं इसके बाद पूजन-अर्चन किया गया। पूजन-अर्चन में भी मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह
चौहान एवं श्रीमती साधना सिंह ने भाग लिया। सभा मण्डप एवं सवारी मार्ग व रामघाट पर मुख्यमंत्री
श्री चौहान के साथ उच्च शिक्षा मंत्री डॉ.मोहन यादव, सांसद श्री अनिल फिरोजिया, विधायक श्री पारस
जैन, श्री बहादुर सिंह चौहान, श्री महेश परमार, श्री मुरली मोरवाल, महापौर श्री मुकेश टटवाल, यूडीए
अध्यक्ष श्री श्याम बंसल, संभागायुक्त श्री संदीप यादव, आईजी श्री संतोष कुमार सिंह, डीआईजी श्री
अनिल कुशवाह, कलेक्टर श्री कुमार पुरुषोत्तम, पुलिस अधीक्षक श्री सचिन शर्मा, नगर निगम आयुक्त
श्री रोशन सिंह, प्रशासक श्री संदीप सोनी, महानिर्वाणी अखाड़े के महन्त श्री विनीत गिरि महाराज,
प्रबंध समिति सदस्य पं.प्रदीप गुरू, श्री राजेन्द्र शर्मा, श्री राम शर्मा, श्री विवेक जोशी, श्री बहादुर सिंह
बोरमुंडला, श्री जगदीश अग्रवाल, श्री ओम जैन, श्री विशाल राजौरिया, श्री अनिल जैन कालूहेड़ा, श्री
राजपाल सिंह सिसौदिया, श्री इकबाल सिंह गांधी आदि गणमान्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।