बारातों पर 500 रूपये टैक्स का करेंगे विरोध
शहर कांग्रेस कार्यवाहक अध्यक्ष रवि राय ने कहा महापौर, निगम सभापति को ज्ञापन देकर टैक्स नहीं लगाने का करेंगे अनुरोध, लगाया तो प्रदेश सरकार से कराएंगे रद्द
उज्जैन। नगर परिषद द्वारा शहरी क्षेत्र में निकलने वाली बारातों पर 500 रूपये प्रति बारात शुल्क लगाया गया और महापौर परिषद द्वारा इसकी स्वीकृति प्रदान कर दी गई। अब 28 फरवरी 2018 को होने वाले निगम सम्मेलन में स्वीकृति हेतु प्रकरण रखा गया है।
शहर कांग्रेस कार्यवाहक अध्यक्ष रवि राय ने इस टैक्स को अव्यवहारिक एवं निंदनीय बताते हुए कहा कि एक तरफ मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ विवाह हेतु 51 हजार रूपये दे रहे हैं वहीं दूसरी ओर नगर निगम 500 रूपये वसूल करेगी। इसे रोकने हेतु महापौर एवं निगम अध्यक्ष को निगम सम्मेलन में ज्ञापन दिया जाएगा। रवि राय ने कहा कि इसके बाद भी अगर भाजपा बोर्ड द्वारा उक्त टैक्स लगाया गया तो राज्य शासन से उसे रद्द कराया जाएगा।