कंकना सिंह ने छात्रों को मणिपुरी शास्त्रीय नृत्य से परिचित कराया
उज्जैन- स्पीक मैके एवं आइओसीएल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित पांच दिवसीय मणिपुरी नृत्य कार्यशाला प्रदर्शन के प्रथम दिवस शासकीय माध्यमिक विद्यालय कोठी और शासकीय माध्यमिक विद्यालय डेडिया में छात्रों को संबोधित कर कंकना सिंह ने मणिपुरी शास्त्रीय नृत्य से परिचित कराया। कंकना ने कहा कि इस शास्त्रीय नृत्य पर वैष्णववाद का गहरा प्रभाव है। यह न केवल एक नृत्य शैली है बल्कि एक पारंपरिक प्रदर्शन कला भी है जो मणिपुरी समुदाय के हर सामाजिक-सांस्कृतिक पहलू से जुड़ी हुई है। कंकना 26 वर्षों से मणिपुरी नृत्य का प्रचार करने वाली विश्व प्रसिद्ध संस्था मणिपुरी नर्तनालय में प्रशिक्षण ले रही हैं। उन्होंने प्रदर्शन की शुरुआत कृष्ण स्तुति से की जो 7 मात्रा के ताल, तेवरा 6 मात्रा के ताल, मेनकूप और 12 मात्रा के ताल चारताल पर आधारित थी। इसके बाद तांडव और लास्य आंगिक पर ध्यान केंद्रित करते हुए प्रदर्शन के साथ आगे बढ़ीं। इससे छात्र और शिक्षक मंत्रमुग्ध हो गए। कंकना ने महाशक्ति प्रस्तुत की जो देवी जगतधात्री का आह्वान है। हस्त मुद्राओं, उनके उपयोग, वेशभूषा, नृत्य में प्रशिक्षण आदि पर एक संवादात्मक सत्र आयोजित किया गया। आभार सुश्री अर्चना बदेका और सुश्री सपना नागदेवानी ने माना। स्पीक मैके के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पंकज अग्रवाल ने बताया मंगलवार को कंकणा की प्रथम प्रस्तुति शासकीय मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय घाटिया में सुबह 9:30 बजे से और द्वितीय प्रस्तुति प्रातः 11 बजे शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय घटिया आगर रोड पर होगी।